गोवर्धन रोड हादसा: थार की टक्कर से युवक की मौत, परिवार का इकलौता चिराग बुझा


भीम कॉलोनी के पास तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार को मारी टक्कर, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

डीग। डीग-गोवर्धन रोड पर सड़क हादसे में मंगलवार देर शाम एक 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भीम कॉलोनी के पास शाम करीब 7:30 बजे हुआ, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात थार वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवर्धन दरवाजा निवासी सचिन (25) पुत्र विस्सो ठाकुर अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान भीम कॉलोनी के पास पीछे से आए अज्ञात थार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सचिन को तत्काल जिला चिकित्सालय डीग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात थार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

परिवार का इकलौता बेटा था सचिन

परिजनों के अनुसार मृतक सचिन अपने पिता का इकलौता पुत्र था। वह अपने पीछे पत्नी और 5 वर्ष तथा 1 वर्ष के दो मासूम पुत्रों को छोड़ गया है। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *