नदबई में गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


ज्वाला माता मंदिर में सजा गुरु दरबार, भजन-कीर्तन, गुरु पूजन, महायज्ञ और भंडारों के साथ श्रद्धालुओं ने लिया प्रसादी का आनंद।

नदबई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर नदबई शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों और आश्रमों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां गुरु पूजन, भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।

ज्वाला माता मंदिर में सजा गुरु दरबार

कस्बे के ज्वाला माता मंदिर में विशेष रूप से गुरु दरबार सजाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने गुरु वंदना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही बनखंडी मंदिर, लड्डू गोपाल मंदिर, खाटूश्याम मंदिर, भीटकी हनुमान मंदिर, कुमरगढ़ा हनुमान मंदिर और काशीदास हनुमान मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भजन-कीर्तन एवं भंडारों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने जयघोष के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर महाप्रसाद ग्रहण किया।

गायत्री शक्तिपीठ पर हुआ नौ कुंडीय महायज्ञ

गायत्री शक्तिपीठ में वेद मंत्रोच्चारण के बीच नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुतियां अर्पित कर परिवार, प्रदेश और राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा शांति की कामना की। कार्यक्रम के दौरान गुरु वंदना के साथ 21 शिष्यों का संस्कार समारोह भी संपन्न हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।

वेद विद्यालय में हुआ गुरु वंदन कार्यक्रम

गांव पीली स्थित आदर्श आवासीय वेद विद्यालय में भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृत शिक्षा संयुक्त निदेशक भास्कर शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सनातन संस्कृति से जुड़े रहने और समाज उत्थान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में वेद मंत्रोच्चारण के बीच गुरु पूजन किया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक सतीश कुमार बागोरिया, विद्यालय समन्वयक कमल किशोर चोटिया, हरदेव शर्मा, प्रमोद पाण्डेय सहित अनेक शिक्षक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *