गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित आयोजन में 3,330 विद्यार्थियों ने लिया भाग, सात विद्यालयों में गूंजा संस्कार और सम्मान का संदेश।
भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद (भाविप) सुभाष शाखा द्वारा भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शाखा की ओर से क्षेत्र के सात विद्यालयों में आयोजित इस संस्कारमय कार्यक्रम में गुरुजनों का सम्मान तथा मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को गुरु के प्रति सम्मान, भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया गया।
शाखा अध्यक्ष पंकज लोहिया ने बताया कि सातों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 3,330 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 159 शिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 29 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
गुरु जीवन को सही दिशा देते हैं : संदीप बाल्दी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय महामंत्री संदीप बाल्दी ने कहा कि गुरु ही शिष्य के जीवन को ज्ञान, संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है और वर्तमान समय में युवाओं को अपने नैतिक मूल्यों तथा सांस्कृतिक विरासत से जोड़कर रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में गुरुजनों के प्रति सम्मान, अनुशासन और संस्कारों के प्रति आस्था विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भारतीय संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण के आधार होते हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ना समय की आवश्यकता है। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी मुकेश लाठी, प्रांतीय पदाधिकारी शारदा चेचानी एवं महावीर सोनी सहित दिनेश शारदा, मदन खटोड़, रामप्रकाश अग्रवाल, आशा दरगड़, गुणमाला अग्रवाल, मधु लढा, उषा सोमानी, रीता गोयल, आशा डाड, पंकज लोहिया, सुरेश रावत, कैलाश सोमानी, सुनीता शारदा, मनोज गोयल एवं हर्षवर्धन राव सहित शाखा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा इसे भारतीय संस्कृति एवं गुरु-शिष्य परंपरा के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।