संगम समूह के हरित अभियान की उप वन संरक्षक ने सराहना, 7,880 पौधे वितरित


चौथे दिन 7,880 पौधे और 485 ट्री गार्ड वितरित, पौधों की सुरक्षा का संकल्प दिलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

भीलवाड़ा। संगम उद्योग समूह द्वारा संचालित एक लाख पौधे एवं पांच हजार ट्री गार्ड वितरण अभियान के चौथे दिन भी जनसहभागिता का उत्साह देखने को मिला। अभियान के दौरान उप वन संरक्षक मरिय शाइन ए ने मुख्य अतिथि के रूप में आमजन को पौधे एवं ट्री गार्ड वितरित किए तथा भीलवाड़ा को हराभरा बनाने की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी अभियान बताया।

उप वन संरक्षक मरिय शाइन ए ने उपस्थित नागरिकों को पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वस्थ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।

पौधों के संरक्षण पर दिया विशेष जोर

पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक नागरिक लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

चौथे दिन वितरित हुए 7,880 पौधे और 485 ट्री गार्ड

संगम उद्योग समूह के वाइस चेयरमैन एस. एन. मोदानी ने बताया कि अभियान के चौथे दिन आमजन, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों के लिए 7,880 पौधों तथा 485 ट्री गार्ड का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि आमजन के लिए प्रतिदिन सुबह 8 से 10 बजे तक तथा विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पौधों का वितरण किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि ट्री गार्ड प्राप्त करने के इच्छुक नागरिक प्रतिदिन सुबह 8 बजे सोनी हॉस्पिटल परिसर में हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

2 अगस्त तक चलेगा अभियान का प्रथम चरण

अभियान के दौरान वन विभाग के प्रशांत भट्ट भी उपस्थित रहे। एस. एन. मोदानी ने बताया कि पौधा वितरण अभियान का प्रथम चरण 2 अगस्त को संपन्न होगा। उन्होंने जिलेवासियों से अधिकाधिक संख्या में अभियान से जुड़ने, पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *