भीमताल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यशाला, बेटियों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश


एचडी डिग्री कॉलेज में आयोजित शक्ति संवाद कार्यशाला में शिक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला अधिकार और आत्मनिर्भरता पर विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन।

नैनीताल। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत एचडी डिग्री कॉलेज, भीमताल में शक्ति संवाद संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों और छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य विपिन सिंह जन्तवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों की खूब सराहना प्राप्त की।

युवाओं को सही दिशा देने की आवश्यकता : डॉ. हरीश बिष्ट

मुख्य अतिथि डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि किशोरियों और बेटियों को समाज में जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निरंतर संवाद और सकारात्मक पारिवारिक वातावरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेटियों को उच्च शिक्षा और आर्थिक रूप से सक्षम बनाकर ही उन्हें अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने में आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग कई बार गलत दिशा की ओर बढ़ रहा है और उन्हें सही मार्ग पर लाने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं।

महिला सुरक्षा और अधिकारों पर हुआ संवाद

कार्यशाला में विशेषज्ञों ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, महिला एवं बालिका सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य एवं पोषण, उच्च शिक्षा, स्टार्टअप, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। संवादात्मक सत्र के दौरान छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेषज्ञों ने किया मार्गदर्शन

कार्यक्रम में प्रो. शिल्पी बिष्ट, डॉ. नीतू, वरिष्ठ पत्रकार गीतेश त्रिपाठी, राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी मोनिका नयाल, पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर रंजना, वन स्टॉप सेंटर नैनीताल की अधिवक्ता संगीता टाकुली, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया तथा उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक कैलाश सम्मल ने छात्राओं को विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर एसओएस के निदेशक आशीष बावना, एचडी डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्या मुक्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. रेनू मर्तोलिया, सुपरवाइजर कविता, हेमा मासीवाल, हेमा त्रिपाठी, रीना यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा का लिया संकल्प

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने तथा बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव एवं महिलाओं के प्रति हिंसा के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *