जयपुर में प्रदेश कार्यसमिति बैठक के दौरान संगठन विस्तार पर मंथन, समाज को एकजुट करने का लिया संकल्प।
गंगापुर सिटी। करणी सेना की प्रदेश कार्यसमिति एवं कोर कमेटी की बैठक जयपुर के एक निजी होटल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, समाज की एकजुटता और आगामी रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अमू ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए धारा सिंह राजपूत को गंगापुर सिटी करणी सेना का अध्यक्ष नियुक्त किया।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अमू, राष्ट्रीय सचिव सवाई सिंह राठौड़, भूपेंद्र सिंह राठौड़, रेखा राजावत, विजेंद्र सिंह जैसावत तथा ममता जादौन सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर
बैठक को संबोधित करते हुए सूरजपाल अमू ने समाज को संगठित करने और करणी सेना को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को समाजहित में मिलकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाने और समाज को एकजुट करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
सवाई माधोपुर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
करणी सेना सवाई माधोपुर जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह जैसावत के नेतृत्व में गंगापुर सिटी एवं सवाई माधोपुर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। इस दौरान जिला अध्यक्ष विजेंद्र सिंह जैसावत ने अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अमू का गुलदस्ता, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, सामाजिक समरसता और समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लेते हुए “करणी सेना जिंदाबाद” के नारे लगाए।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।