शहरी सेवा शिविर 2026: एक ही स्थान पर हो रहा समस्याओं का समाधान


सवाई माधोपुर में शहरी सेवा शिविर के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ और लंबित कार्यों का त्वरित निस्तारण मिल रहा है।

शहरी सेवा शिविर में आमजन को मिल रहा त्वरित समाधान

सवाई माधोपुर, 24 जून। शहरी सेवा शिविर 2026 के माध्यम से राजस्थान सरकार आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करा रही है। साथ ही वर्षों से लंबित समस्याओं और प्रकरणों का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविरों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है तथा विभागीय कार्यों के निस्तारण में भी तेजी आई है।

बुधवार को नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं और प्रकरण लेकर पहुंचे। इस दौरान नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद परिषद अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्राप्त परिवादों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विभिन्न प्रकरणों का मौके पर हुआ निस्तारण

शिविर के दौरान नगर परिषद के कार्मिकों द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें नाम हस्तांतरण पत्र का 1 प्रकरण, पट्टा उप विभाजन के 2 प्रकरण, भवन निर्माण स्वीकृति का 1 प्रकरण तथा जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 45 कार्यों का निस्तारण किया गया।

आयुक्त दलीप पूनिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

25 जून को वार्ड 19 से 24 के लिए लगेगा शिविर

नगर परिषद आयुक्त ने बताया कि 25 जून को नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 से 24 तक के नागरिकों के लिए शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। संबंधित वार्डों के निवासी शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

इन सेवाओं का मिल रहा लाभ

शिविरों में नागरिकों को अनेक प्रकार की सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें साफ-सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, नई स्ट्रीट लाइट स्थापना, टूटे फेरो कवर एवं क्रॉस की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट सुधार, पेचवर्क कार्य, पार्कों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई एवं मरम्मत, सीवरेज कनेक्शन और मरम्मत कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के पट्टे, स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69 ए से जुड़े प्रकरण, कृषि भूमि भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन तथा उप विभाजन-एकीकरण से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया जा रहा है।

जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन भी हो रहे स्वीकार

शिविरों में लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं।

इसके अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 तथा एसबीएम 2.0 के अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण से संबंधित आवेदन भी प्राप्त कर त्वरित गति से निस्तारित किए जा रहे हैं।

शहरी सेवा शिविर 2026 आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

यह भी पढ़ें:

  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 25 जून को करेंगे अभियोजन भवन का लोकार्पण

Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *