नदबई फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार


बरबारा गांव में बड़े भाई पर तीन राउंड फायरिंग का मामला, जयपुर से आरोपी दीपशिखर सिंह को पकड़ा

नदबई। नदबई क्षेत्र के बरबारा गांव में आपसी विवाद के दौरान मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में छोटे भाई ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बड़े भाई पर हमला करने के बाद तीन राउंड फायर किए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है।

मुखबिर की सूचना पर जयपुर से पकड़ा आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नदबई क्षेत्र के मांझी निवासी आरोपी दीपशिखर सिंह पुत्र हरेन्द्रपाल सिंह को मुखबिर की सूचना पर जयपुर से हिरासत में लिया गया। इसके बाद जांच-पड़ताल और आरोपी की शिनाख्त होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

परचून की दुकान से सामान खरीद रहा था पीड़ित

गौरतलब है कि शनिवार को गांव बरवारा निवासी कोमल सिंह पुत्र मोहनसिंह अपने गांव में परचून की दुकान से सामान खरीद रहा था। इसी दौरान उसके छोटे भाई चन्द्रभान सिंह उर्फ छोटू ने गिरफ्तार आरोपी दीपशिखर सिंह और एक अन्य साथी के साथ मिलकर अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमले के दौरान मारपीट करने के बाद तीन राउंड फायरिंग की गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, गनीमत रही कि तीन राउंड फायरिंग होने के बावजूद किसी को चोट नहीं लगी।

पुलिस ने गठित की थी अलग-अलग टीमें

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस सीओ भवानी सिंह शेखावत ने मामले की जांच-पड़ताल करते हुए अलग-अलग टीमें गठित कीं। इसके बाद थाना प्रभारी अरुण चौधरी के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को जयपुर से हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि, मामले में फरार मुख्य आरोपी और पीड़ित का छोटा भाई चन्द्रभान सिंह उर्फ छोटू अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *