23 सितंबर तक चलने वाले महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम होंगे, स्थानीय महिलाओं का झोड़ा रहेगा मुख्य आकर्षण
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में 124वां श्री नन्दा सुनन्दा देवी महोत्सव आगामी 16 सितंबर से 23 सितंबर तक श्री राम सेवक सभा के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। आठ दिवसीय महोत्सव में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने मीडिया से रूबरू होकर 16 सितंबर से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
16 सितंबर से महोत्सव का शुभारंभ
मुकेश जोशी ने बताया कि 16 सितंबर को महोत्सव का उद्घाटन किया जाएगा। इसी दिन कदली वृक्ष लेने के लिए भक्तों का दल मंगोली जाएगा।
17 सितंबर को कदली वृक्ष का सूखाताल और तल्लीताल वैष्णव देवी मंदिर में स्वागत एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद विशाल जुलूस के साथ कदली वृक्ष का नगर भ्रमण कराया जाएगा।
18 सितंबर को मूर्ति निर्माण और प्रतियोगिताएं
18 सितंबर को नन्दा सुनन्दा देवी की मूर्ति निर्माण का कार्य शुरू होगा। इसी दिन दोपहर में स्कूली बच्चों की क्विज और लोकगीत प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
नन्दा अष्टमी पर होंगे कपाट दर्शन के लिए खुले
19 सितंबर को नन्दा अष्टमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद कपाट खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए देवी पूजन शुरू हो जाएगा।
महोत्सव के तहत 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे पंचआरती, प्रसाद वितरण, देवी पूजन और देवी भोग का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्री राम सेवक सभा प्रांगण और तल्लीताल डांट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
नवमी पर दुर्गा सप्तशती पाठ और हवन
20 सितंबर को नवमी के अवसर पर दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 21 सितंबर को डीएसए मैदान में दोपहर 1 बजे से महाभंडारा आयोजित होगा।
22 सितंबर को नैनी झील में होगा दीपदान
22 सितंबर को सुंदरकांड और नन्दा चालीसा का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शाम 7 बजे नैनी झील में दीपदान किया जाएगा।
23 सितंबर को निकलेगा भव्य डोला
महोत्सव के अंतिम दिन 23 सितंबर को देवी पूजन के बाद दोपहर 12 बजे नगर भ्रमण के लिए भव्य डोला निकाला जाएगा। इसके बाद शाम को ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के पास मूर्ति का विसर्जन किया जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव में स्कूली बच्चों की झांकी, छोलिया दलों और स्थानीय कलाकारों के अलावा स्थानीय महिलाओं का ‘झोड़ा’ विशेष आकर्षण रहेगा।
ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, उपाध्यक्ष अशोक साह, प्रबंधक विमल चौधरी, डॉक्टर ललित तिवारी, नगर पालिका के नामित सदस्य आनंद सिंह बिष्ट, भीम सिंह कार्की, राजेंद्र लाल साह, कमलेश ढौंडियाल, मोहित साह, देवेंद्र लाल साह, भुवन बिष्ट, हरीश राणा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।