यमुनानगर में शंकरगढ़, नारीबारी, घूरपुर, बारा और लालापुर समेत कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के बीच गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ।
प्रयागराज। 10 दिनों तक भक्तों के घर-आंगन और पंडालों में विराजमान रहने के बाद शुक्रवार को भगवान श्री गणेश को नम आंखों से विदाई दी गई। यमुनानगर क्षेत्र के शंकरगढ़, नारीबारी, घूरपुर, बारा, लालापुर सहित दर्जनों स्थानों पर गणपति प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
सुबह से ही विभिन्न पंडालों में भगवान श्री गणेश की अंतिम आरती और पूजन का दौर शुरू हो गया था। इसके बाद दोपहर होते-होते डीजे, ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु शोभायात्रा लेकर निकले। युवा “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। महिलाओं ने भगवान गणेश को तिलक लगाकर और मोदक का भोग अर्पित कर भावभीनी विदाई दी।
शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
गणपति प्रतिमाओं की शोभायात्रा जैसे-जैसे विसर्जन घाटों की ओर आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ती गई। नारीबारी बाजार में विशेष रूप से बड़ी संख्या में लोग गणपति बप्पा को विदाई देने के लिए सड़कों पर नजर आए।
इस दौरान लोगों ने शोभायात्रा का फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूरे मार्ग में गणपति बप्पा के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु नृत्य करते हुए और जयघोष लगाते हुए विसर्जन स्थल की ओर बढ़ते रहे।
नारीबारी में पुलिस की मुस्तैदी से शांतिपूर्ण रहा विसर्जन
त्योहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। नारीबारी चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह अपनी टीम के साथ सुबह से ही विसर्जन स्थल पर मुस्तैद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से विसर्जन घाट पर बैरिकेडिंग कराई गई थी। साथ ही गोताखोरों आदि की व्यवस्था भी पहले से की गई थी।
पुलिस की निगरानी में प्रत्येक गणपति प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से विसर्जित कराया गया। चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं से गहरे पानी में नहीं जाने की अपील करते रहे।
रूट प्लान और सुरक्षा व्यवस्था पहले से तैयार
चौकी प्रभारी नारीबारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए पहले से ही रूट प्लान और सुरक्षा व्यवस्था तैयार कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता थी।
उन्होंने बताया कि सभी गणपति प्रतिमा आयोजकों ने प्रशासन का सहयोग किया, जिसके चलते विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
देर शाम तक चला विसर्जन कार्यक्रम
गणपति प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम देर शाम तक चलता रहा। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश से अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।
विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे क्षेत्र में गणपति बप्पा की विदाई के दौरान भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।