दो दिवसीय अग्रसेन मेले के समापन पर महाआरती और डांडिया महारास में हजारों महिलाओं ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
गंगापुर सिटी। अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत अग्रवाल समाज अग्रसेन सेवा समिति के तत्वावधान में पुरानी अनाज मंडी में आयोजित दो दिवसीय अग्रसेन मेले के दूसरे दिन रविवार को भक्ति, परंपरा और उत्साह का संगम देखने को मिला। श्री अग्रसेन महाराज और कुलदेवी महालक्ष्मी की भव्य महाआरती के बाद डांडिया महारास का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में अग्रवाल समाज की महिलाओं ने डांडिया खेलकर माहौल को उत्सवमयी बना दिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी के चित्रपट पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ आरएएस संतोष गोयल की धर्मपत्नी श्रीमती अर्चना गोयल रहीं, जबकि अध्यक्षता नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल की धर्मपत्नी श्रीमती भावना गोयल ने की।
कार्यक्रम में श्रीमती मीना गोयल, श्रीमती पुष्पा देवी, श्रीमती अंजू स्वास्तिक, श्रीमती रेणु अग्रवाल और पार्षद श्रीमती उषा मित्तल विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहीं।
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष मोहनलाल, महामंत्री सतीश महसुआ, मेला संयोजक अशोक मंगल और सहसंयोजक अरुण प्रकाश सहित समाज के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। इस अवसर पर जिला अग्रवाल महिला अध्यक्ष रेखा गर्ग, तहसील अध्यक्ष सुमन आर्य, सरोज गर्ग सहित कार्यकारिणी के कई सदस्य मौजूद रहे।
महाआरती के बाद डांडिया महारास में झूमीं महिलाएं
मेला पंडाल में सबसे पहले महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद संगीत की धुनों के साथ डांडिया महारास शुरू हुआ।
आकर्षक लाइटिंग से सजे गोलाकार डांडिया पंडाल में महिलाओं ने सामूहिक रूप से डांडिया खेलते हुए जमकर उत्साह दिखाया। डांडिया की छनक और संगीत की धुनों से पूरा मेला परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
निःशुल्क स्टॉल और व्यंजन बने आकर्षण
मेले में पहुंचे लोगों ने चाट-भल्ला, पानी-टिक्की, छोले-भटूरे और विशेष टिक्कड़ के साथ आइसक्रीम, कॉफी और पॉपकॉर्न का आनंद लिया।
आयोजन में गोविंद प्रसाद मंडी की ओर से निःशुल्क कोल्ड ड्रिंक तथा लक्ष्मी नारायण यूटीआई की ओर से निःशुल्क कॉफी की व्यवस्था की गई।
आयोजन की सराहना, पत्रकारों का किया सम्मान
मुख्य अतिथि अर्चना गोयल ने गंगापुर सिटी अग्रवाल समाज के आयोजन को अनुकरणीय और बेमिसाल बताते हुए महिला मंडल की तैयारियों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में मेला कमेटी की ओर से क्षेत्र के मीडियाकर्मियों और पत्रकारों का सम्मान किया गया। इसके बाद मेला संयोजक अशोक मंगल और कार्यक्रम अध्यक्ष भावना गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इसी के साथ पुरानी अनाज मंडी में आयोजित दो दिवसीय अग्रसेन मेले का समापन हुआ।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।