डीग से दिल्ली के लिए शाम बाद रोडवेज बस नहीं, यात्रियों को महंगी यात्रा की मजबूरी


दोपहर 3 बजे के बाद डीग से दिल्ली रूट पर रोडवेज बस सेवा बंद होने से यात्रियों को निजी वाहनों से अधिक किराया देकर सफर करना पड़ रहा है।

डीग। अमर दीप सेन। डीग से दिल्ली बस सेवा को लेकर यात्रियों में लगातार असंतोष बना हुआ है। दोपहर 3:00 बजे के बाद डीग से दिल्ली एवं कोसी रूट पर राजस्थान रोडवेज की कोई भी बस संचालित नहीं होने से आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को मजबूरन निजी डग्गेमार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।

निजी साधनों से करना पड़ रहा महंगा सफर

स्थानीय लोगों के अनुसार दोपहर 3:00 बजे के बाद रोडवेज बस नहीं मिलने से यात्रियों को कोसी तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों में 100 से 120 रुपये तक का किराया देकर यात्रा करनी पड़ रही है। यात्रियों का कहना है कि निजी वाहन क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर संचालित किए जाते हैं, जिससे सुरक्षित यात्रा भी प्रभावित होती है।

जिला मुख्यालय बनने के बाद भी नहीं मिली पर्याप्त सुविधा

ग्रामीणों और यात्रियों का कहना है कि डीग को जिला मुख्यालय बने लगभग दो वर्ष हो चुके हैं। इसके अलावा डीग एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है। इसके बावजूद यहां अब तक रोडवेज डिपो शुरू नहीं किया गया है। उनका कहना है कि जिला बनने के बाद परिवहन सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।

केकड़ी में कार्यशाला शुरू, डीग में अब भी इंतजार

यात्रियों ने बताया कि केकड़ी में रोडवेज कार्यशाला के लिए भूमि अधिग्रहण होने के बाद कार्य भी शुरू हो चुका है, जबकि डीग में अब तक रोडवेज डिपो की स्थापना नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्र के लोगों में निराशा है।

अधिकारी बोले, भूमि उपलब्ध नहीं हुई

इस संबंध में लोहागढ़ डिपो के अधिकारी से फोन पर बातचीत में बताया गया कि रोडवेज डिपो के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक डिपो के लिए भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई है।

शाम 4 बजे बस संचालन की मांग

यात्रियों ने मांग की है कि डीग से शाम 4:00 बजे दिल्ली रूट के लिए राजस्थान रोडवेज की बस संचालित की जाए। उनका कहना है कि इससे आम और विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर यात्रियों को कम किराये में सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिल सकेगी तथा निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *