गिरफ्तार आरोपी को फरवरी में मिली जमानत, रिहा होने के बाद शुरु की रैकी
ज्वेलर की हत्या का मामला, तीन सूत्रीय मांग को लेकर सर्वसमाज का धरना जारी
नदबई। नदबई कस्बा निवासी सर्राफा व्यापारी योगेन्द्र चोपड़ा उर्फ योगी की करीब एक माह पहले गोली मारकर हत्या करने के मामलें में पुलिस को करीब 35 दिन बाद सफलता मिलती नजर आ रही। जब, लूट बारदात से पहले रैकी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया। जहां से आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हलैना थाना क्षेत्र के गांव नैवाड़ा निवासी नितिन सिंह पुत्र महावीर सिंह को एसआईटी ने आगरा से गिरफ्तार किया। सूत्रों की मानें तो घटना के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया। एसआईटी ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भरतपुर, जयपुर व आगरा में अलग-अलग जगह दबिश दी। बाद में मंगलवार देर रात आगरा से आरोपी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी पर पहले भी लूट व फायरिंग के तीन अलग-अलग मामलें दर्ज है।
फरवरी में मिली जमानत तो शुरु की रैकी
विभागीय सूूत्रों की मानें तो गिरफ्तार आरोपी नितिन सिंह लूट व फायरिंग के मामलें में सेवर जेल में बंद था। इसी दौरान सेवर जेल में एक अन्य बदमाश से नितिन सिंह की दोस्ती हो गई। इसी दौरान दोनों ने लूट की पटकथा रची। फरवरी में सेवर जेल से जमानत होने पर नितिन सिंह ने नदबई में सर्राफा व्यापारी की रैकी शुरु कर दी। करीब दो माह की रैकी के बाद आरोपी ने अपने साथी बदमाश को बताया। बाद में दो बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया।
सर्राफा व्यापारी की पत्नी का धरना जारी
उधर, सर्राफा व्यापारी हत्याकांड मामलें का खुलासा करने व न्याय की मांग को लेकर तहसील मुख्यालय पर सर्वसमाज के साथ सर्राफा व्यापारी की पत्नी शालू चोपड़ा अपने आठ बर्षीय पुत्री व पुत्र के साथ बुधवार को भी धरने पर बैठी रही। बुधवार को धरने दौरान पीडित परिवार व सर्वसमाज के लोगों ने हनुमान चालीसा पाठ व गायत्री मंत्र जाप करते हुए मामला खुलासा होने की कामना की। गौरतलब है कि, 25 मार्च को कस्बे में पंजाबी मौहल्ला स्थित श्रीराम मन्दिर के समीप सर्राफा व्यापारी योगेन्द्र चोपड़ा उर्फ योगी की गोली मारकर हत्या के बाद जेबरात लूट मामलें का खुलासा करते हुए न्याय की मांग को लेकर सर्राफा व्यापारी पत्नी शालू चोपड़ा के नेतृत्व में सर्वसमाज की ओर से धरना दिया जा रहा।
यह भी पढ़ें:
Bharatpur, Rajasthan