मेलबर्न की कला प्रदर्शनी में मिली उपलब्धि, विक्टोरिया के प्रीमियर के दीपावली समारोह और गवर्नमेंट हाउस के सम्मान समारोह में आमंत्रण
भीलवाड़ा। मेवाड़ की बेटी अदिति शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। मेलबर्न में आयोजित VERVÉ कला प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति ‘किंगडम’ को प्रथम पुरस्कार मिला। इस उपलब्धि के बाद अदिति को विक्टोरिया के प्रीमियर बेन कैरोल के दीपावली समारोह और गवर्नर मार्गरेट गार्डनर के गवर्नमेंट हाउस में आयोजित बहुसांस्कृतिक सम्मान समारोह में आमंत्रित किया गया।
महिला आश्रम से शिक्षा, ऑस्ट्रेलिया में बनाई पहचान
भीलवाड़ा के महिला आश्रम से शिक्षा प्राप्त करने वाली अदिति शर्मा ने व्यवसाय प्रबंधन में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। वर्ष 2016 में मेलबर्न जाने के बाद उन्होंने कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
बचपन से ही कला में रुचि रखने वाली अदिति ने प्रसिद्ध जोशी परिवार से पारंपरिक फड़ चित्रकला सीखी। उनकी पुरस्कृत कलाकृति ‘किंगडम’ भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाती है।
भारतीय संस्कृति और त्योहारों से जुड़ाव
अदिति ऑस्ट्रेलिया में रहकर भी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई हैं। वह वहां दीपावली, दधीचि जयंती और तीज जैसे भारतीय पर्वों के आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी पहचान है। इंस्टाग्राम पर उनके करीब चार लाख फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा उनका चयन प्रसिद्ध डिजाइनर विक्रम फड़नीस के ‘अनंता फैशन शो’ के लिए भी हुआ है, जिसका आयोजन 13 नवंबर को प्रस्तावित है।
पार्थ शर्मा भी विदेश में बढ़ा रहे मेवाड़ का गौरव
अदिति के पति पार्थ शर्मा भी मूल रूप से भीलवाड़ा के निवासी हैं और ऑस्ट्रेलिया में उच्च पद पर कार्यरत हैं। वह राजस्थान फाउंडेशन के ऑस्ट्रेलिया चैप्टर के सचिव हैं और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अदिति अपनी कला और पार्थ सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से विदेश में मेवाड़ और राजस्थान की पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। अदिति को ‘किंगडम’ के लिए मिला प्रथम पुरस्कार उनकी कलात्मक उपलब्धि के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत के अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने का भी उदाहरण है।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।