बरनाला थाना प्रभारी भोजराज ने जनप्रतिनिधियों से की मुलाकात, कानून व्यवस्था पर चर्चा


ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और जनसमस्याओं से कराया अवगत, थाना प्रभारी ने निष्पक्ष कार्रवाई का दिया भरोसा।

सवाई माधोपुर। बरनाला थाना प्रभारी भोजराज ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से शिष्टाचार भेंट कर कानून-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया, जबकि थाना प्रभारी ने सभी शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई और बेहतर पुलिस व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

जनप्रतिनिधियों ने रखा क्षेत्र की समस्याओं का पक्ष

बैठक में पूर्व सरपंच राम प्रसाद मीणा, चिरंजीलाल गुर्जर, सरपंच हरिप्रसाद मीणा (सुंदरी) तथा मुरारी लाल मीणा ने थाना प्रभारी भोजराज का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।

इस दौरान पूर्व सरपंच परसादी बरनाला ने जीवन नाले से कांकड़ लाने वाले ग्रामीणों की समस्या उठाई। इस पर थाना प्रभारी भोजराज ने स्पष्ट किया कि वैध रूप से कांकड़ लाने वाले लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। यदि कोई पुलिसकर्मी अनुचित व्यवहार करता है या अवैध रूप से धन की मांग करता है तो इसकी शिकायत सीधे थाना प्रभारी को दी जाए। शिकायत मिलने पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

महिला घाट पर बढ़ेगी पुलिस गश्त

बैठक में ग्रामीणों ने बरनाला तालाब स्थित महिला घाट पर रात्रि के समय असामाजिक तत्वों द्वारा शराब पीने तथा शराब की बोतलें फेंकने की शिकायत भी दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि इससे महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इस पर थाना प्रभारी ने महिला घाट सहित संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

पुलिस और आमजन के समन्वय पर दिया जोर

बैठक के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया।

थाना प्रभारी भोजराज ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *