गंगापुर सिटी में भारत विकास परिषद सुभाष का पौधारोपण अभियान


पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ जलदाय विभाग परिसर और गौशाला भजन आश्रम में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।

गंगापुर सिटी। भारत विकास परिषद शाखा सुभाष द्वारा रविवार को पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ जलदाय विभाग, ट्रक यूनियन परिसर से हुआ। इसके बाद गौशाला भजन आश्रम में भी छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के महत्व का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।

मुख्य अतिथियों ने किया अभियान का शुभारंभ

शाखा के मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय संगठन सचिव आदित्य भारद्वाज रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जगवीर मीणा, सहायक अभियंता, जलदाय विभाग, टोंक उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

हर नागरिक निभाए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी

मुख्य अतिथि आदित्य भारद्वाज ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।

वहीं विशिष्ट अतिथि जगवीर मीणा ने भारत विकास परिषद शाखा सुभाष द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से किए जा रहे पौधारोपण कार्य की सराहना करते हुए इसे प्रत्येक मानव और जीव-जंतु के लिए हितकारी पहल बताया।

पौधारोपण के साथ संरक्षण का भी लिया संकल्प

कार्यक्रम के गतिविधि संयोजक (पर्यावरण) सचिन शर्मा ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धन हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का दायित्व भी निभाए।

कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं का दायित्व प्रकल्प प्रभारी निखिल शर्मा ने कुशलतापूर्वक निभाया, जिसकी सभी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की।

सदस्यों ने दिया हरित भविष्य का संदेश

अभियान के दौरान शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। शाखा के मीडिया प्रमुख धनेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में आदित्य भारद्वाज, विजय सिंह मीना, के. के. मंगल, जितेंद्र जैमिनी, सचिन शर्मा, अरविंद कुमार दीक्षित, निखिल शर्मा, धनेश शर्मा, महेश चंद शर्मा, जितेंद्र कुमार गर्ग, गुरुदत्त शर्मा, बालकृष्ण गर्ग, वेदप्रकाश तिवारी सहित स्थानीय आम नागरिक भी उपस्थित रहे।

‘एक पौधा–एक संकल्प’ का दिया संदेश

कार्यक्रम के समापन पर शाखा की ओर से सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सभी ने “एक पौधा – एक संकल्प, हरित भविष्य – हमारी जिम्मेदारी” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *