मुख्य बाजार में अधिकारियों ने किया फुट पेट्रोलिंग, व्यापारियों से संवाद कर कानून-व्यवस्था मजबूत रखने का दिया भरोसा।
भरतपुर। भरतपुर शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला पुलिस द्वारा मुख्य बाजार क्षेत्र में व्यापक पैदल मार्च (फुट पेट्रोलिंग) किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना (आईपीएस) के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान अधिकारियों एवं पुलिस जवानों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल मार्च का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी (आईपीएस प्रोबेशनर), वृताधिकारी ग्रामीण कन्हैया लाल (आरपीएस) एवं वृताधिकारी साइबर पुरुषोत्तम (आरपीएस) ने किया। इस दौरान कोतवाली, मथुरागेट और अटलबंद थाना पुलिस, क्यूआरटी टीम, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, निर्भया स्क्वॉड तथा पुलिस लाइन के जवान भी शामिल रहे।
मुख्य बाजारों में किया सुरक्षा का निरीक्षण
फुट पेट्रोलिंग कुम्हेर गेट से शुरू होकर कोतवाली चौराहा, लक्ष्मण मंदिर सर्किल, जामा मस्जिद क्षेत्र, गंगा मंदिर, चौबुर्जा चौराहा होते हुए बिजली घर सर्किल पर समाप्त हुई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा लोगों से संवाद स्थापित किया।
व्यापारियों से संवाद कर मांगे सुझाव
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, दुकानदारों एवं राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। अधिकारियों ने आमजन को भरोसा दिलाया कि भरतपुर जिला पुलिस उनकी सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने कहा कि जिला पुलिस अपराध के प्रति शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से सघन नाकाबंदी, संध्याकालीन एवं रात्रिकालीन गश्त, मार्च पास्ट तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील
सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी ने व्यापारियों एवं आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध, आपराधिक या असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम, निकटतम पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर दें। साथ ही लोगों से साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की भी अपील की गई।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।