भीलवाड़ा: अंतरराष्ट्रीय नर्सेज डे पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित होंगे नर्सेज, विधायक गोपाल खंडेलवाल होंगे मुख्य अतिथि


मानवता की सेवा के साथ सामाजिक सरोकार: भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए बांधे जाएंगे 101 परिंडे

भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस (12 मई) के अवसर पर भीलवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तंभ ‘नर्सेज’ के सम्मान में एक भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन (RNA) और राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन की संयुक्त बैठक में इस गौरवमयी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।

उत्कृष्ट सेवाओं का होगा सम्मान

RNA जिलाध्यक्ष नारायण लाल माली ने बताया कि महात्मा गांधी चिकित्सालय परिसर में आयोजित होने वाले इस समारोह में मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. वर्षा सिंह करेंगी। जिला संयोजक सांवर मल सोनी के अनुसार, इस दौरान जिले भर के उन नर्सेज को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान मानवता की सेवा में उत्कृष्ट और अनुकरणीय मिसाल पेश की है।

101 परिंडे बांधकर निभाएंगे सामाजिक धर्म

नर्सेज दिवस को यादगार बनाने के लिए नर्सेज संगठन ने इस बार एक अनूठी पहल की है। राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश लक्षकार ने बताया कि समारोह के साथ-साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए 101 परिंडे बांधने का संकल्प लिया गया है, ताकि भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों को पीने का पानी मिल सके।

नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गोपाल तोलंबिया और कर्मचारी एकीकृत महासंघ के जिला मंत्री शंकर लाल पायक ने जिले के सभी नर्सेज से एकजुट होकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने और अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now