पीलौदा थाना क्षेत्र में ब्लाइंड मर्डर का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
गंगापुर सिटी। गंगापुर सिटी पुलिस ने पीलौदा थाना क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस का मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह खुलासा पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार (आर. पु. से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गंगापुर सिटी श्री राकेश राजौरा तथा वृत्ताधिकारी गंगापुर सिटी श्री सीताराम मीना के सुपरविजन में किया गया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुई मामले की शुरुआत
दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को परिवादी श्री ब्रजमोहन पुत्र रामजीलाल मीना (उम्र 72 वर्ष, निवासी बिनेगा) ने पुलिस थाना पीलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र बिन्तोश कुमार मीना (उम्र 27 वर्ष) दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को बिना बताए घर से चला गया है। इस पर गुमशुदगी रिपोर्ट संख्या 5/2025 दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
पूछताछ करने पर सामने आई हत्या की साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की, जिनमें से दिलखुश बैरवा, विक्रम बैरवा और लोकेश बैरवा के बयान संदिग्ध पाए गए। गहन पूछताछ पर तीनों ने हत्या का जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने ही बिन्तोश की हत्या कर शव को डिबस्या के पास खेत में जमीन में गाड़ दिया था।
शव किया बरामद, परिजनों ने की पहचान
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके से शव बरामद किया। शव को गंगापुर सिटी जिला चिकित्सालय में रखवाकर परिजनों से पहचान करवाई गई। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।
इस संबंध में थाना पीलौदा पर अभियोग संख्या 117/25 दर्ज किया गया है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1), 140(3), 238(क) और 303(2) के तहत मुकदमा पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार किये गए आरोपी
पुलिस ने निम्नलिखित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है
दिलखुश पुत्र कालूराम (जाति बैरवा, उम्र 25 वर्ष, निवासी बिनेगा)
विक्रम पुत्र बाबूलाल (जाति बैरवा, उम्र 28 वर्ष, निवासी बिनेगा) लोकेश पुत्र मुन्नालाल (जाति बैरवा, निवासी बिनेगा, हाल निवासी मीना कॉलोनी, लाटा हाउस के पीछे, गंगापुर सिटी)
आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस मामले को सुलझाने में थानाधिकारी मान सिंह (उ.नि.) के नेतृत्व में कार्य कर रही टीम के कांस्टेबल राजेश (नं. 937) और कांस्टेबल करतार सिंह (नं. 535) का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की तत्परता और टीमवर्क की वजह से यह ब्लाइंड मर्डर केस बेहद कम समय में सुलझाया जा सका।

2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।