डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वरूपरानी अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश


अस्पताल की साफ-सफाई, निर्माण कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेकर गुणवत्ता एवं समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान एसआरएन की पुरानी बिल्डिंग के विभिन्न वार्डों, आपातकालीन सेवाओं, चिकित्सा इकाइयों, निर्माणाधीन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल और अन्य निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी भी ली।

क्षतिग्रस्त भवन देखकर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान पुरानी बिल्डिंग में क्षतिग्रस्त फॉल्स सीलिंग, उखड़ी हुई खिड़कियां और अव्यवस्थित विद्युत वायरिंग देखकर उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत बॉक्स को सुरक्षित तरीके से कवर करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में लगे अग्निशामक यंत्रों की एक्सपायरी तिथि की भी जांच की। उपकरणों की अवधि इसी माह समाप्त होने पर उन्हें तत्काल बदलने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर

उपमुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल सहित अन्य भवनों का निरीक्षण करते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान ईंटों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने उनकी जांच कराने और संबंधित सामग्री का उपयोग रोकने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

100 बेड अस्पताल के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को स्वीकृत 100 बेड अस्पताल के निर्माण कार्य को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप स्वरूपरानी चिकित्सालय के उन्नयन के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने प्राचार्य, मुख्य अधीक्षिका एवं अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, दवा वितरण, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार अपनाने की भी अपील की।

इसके साथ ही अस्पताल प्रशासन को शिकायतों के त्वरित निस्तारण, व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *