जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने प्रगणकों को सौंपे प्रशस्ति पत्र; प्रगणकों ने अन्य साथियों को मोटिवेट करने का लिया संकल्प
डीग (अमर दीप सेन)। जनगणना 2027 के तहत संचालित स्व-गणना अभियान में डीग जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले के 16 मकान सूचीकरण ब्लॉकों में नागरिकों को प्रेरित कर शत-प्रतिशत स्व-गणना का कार्य पूर्ण करवाने वाले प्रगणकों को मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने थपथपाई प्रगणकों की पीठ प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन प्रगणकों ने न केवल अपना कार्य समय पर पूरा किया, बल्कि डिजिटल गणना के प्रति नागरिकों को जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
15 मई तक का समय शेष जिला कलेक्टर ने बताया कि स्व-गणना के लिए 15 मई तक का समय शेष है। उन्होंने सम्मानित प्रगणकों से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य प्रगणकों का मार्गदर्शन करें, ताकि जिले के शेष ब्लॉकों में भी समय रहते 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
अन्य अधिकारियों की उपस्थिति समारोह के दौरान जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक विकास कुमार शर्मा सहित डीग और कामां के तहसीलदार उपस्थित रहे। सम्मानित प्रगणकों ने संकल्प लिया कि वे अपने सहकर्मियों को भी प्रेरित करेंगे ताकि पूरा जिला स्व-गणना में अग्रणी रहे।
