नगरीय निकाय चुनाव 2026 के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी, तय हुई सभी महत्वपूर्ण तारीखें
सवाई माधोपुर, 14 सितंबर। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत निर्वाचित नगर निकाय सदस्यों के बाद अब अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन की आगामी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपादित की जाएगी। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के निर्वाचन को लेकर चुनाव कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है।
15 सितंबर को जारी होगी अध्यक्ष पद की लोक सूचना
अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोक सूचना जारी करने की तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर रहेगी।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर को की जाएगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि एवं समय 18 सितंबर को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थिता वापस लेने के समय की समाप्ति के तुरंत पश्चात 18 सितंबर को ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।
21 सितंबर को होगा अध्यक्ष पद के लिए मतदान
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी तथा निर्वाचन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
22 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन
उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए 22 सितंबर को निर्वाचन की प्रक्रिया संपादित की जाएगी। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक का प्रारंभ प्रातः 10 बजे होगा।
उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11:30 बजे से की जाएगी।
अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतगणना की जाएगी।
इस प्रकार नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत निर्वाचित सदस्यों के बाद अब 21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।