शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, दुर्लभ अभिलेख प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा आजाद पार्क।
प्रयागराज। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जयंती के अवसर पर गुरुवार को क्षेत्रीय अभिलेखागार, संस्कृति विभाग, प्रयागराज एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति के संयुक्त तत्वावधान में शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ अभिलेख एवं चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटक आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान पुलिस के जवानों ने शहीदों को सलामी दी तथा वंदे मातरम् और राष्ट्रधुन की प्रस्तुति देकर देशभक्ति का संदेश दिया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, नागरिक और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दुर्लभ अभिलेख और चित्र प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
आयोजित प्रदर्शनी में अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद का हस्तलिखित पत्र, उनके जन्मस्थान और माता जगरानी देवी से जुड़े चित्रों के साथ काकोरी कांड और उससे जुड़े क्रांतिकारियों के महत्वपूर्ण अभिलेख प्रदर्शित किए गए।
इसके अलावा शहीद रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खां के हस्तलिखित पत्र, क्रांतिकारी संगठन की गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, मूल हस्ताक्षर तथा कर्नलगंज थाने में चंद्रशेखर आजाद पर दर्ज मुकदमों से संबंधित अभिलेख भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहे। इस अवसर पर आजाद की गौरवगाथा पर आधारित एक विशेष ब्रोशर का भी लोकार्पण किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा आजाद पार्क
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में बच्चों ने देशभक्ति पर आधारित काव्य पाठ, नुक्कड़ नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कलाकार ज्ञानचंद्र द्वारा अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के जीवन पर आधारित नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारियों के योगदान से अवगत कराया गया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।