मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जिला जेल सवाई माधोपुर का निरीक्षण कर जांची जेल की व्यवस्थाएं


सवाई माधोपुर| राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार दिनांक 18.06.2025 को आशुतोष सिंह आढ़ा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, लिंक अधिकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर द्वारा जिला जेल सवाई माधोपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा जेल परिसर, बैरकों एवं रसोईघर की साफ-सफाई, बंदियों को प्रदान भोजन, पीने के पानी एवं चिकित्सकीय सुविधाओं, जेल की सुरक्षा व्यवस्था, जेल की कार्यप्रणाली, बंदियों की दिनचर्या आदि के संबंध में जांच की गई एवं बंदियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना गया। निरीक्षण के दौरान शिकायत पेटिका का निरीक्षण करने पर शिकायत पेटिका में बंदियों को प्रदान मूलभूत सुविधाओं के संबंध में कोई शिकायत नहीं पाई गई, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा उपस्थित बंदियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जेल विजिटिंग लॉयर एवं अधिकार मित्र को अपनी समस्या के बारे में सूचित करने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
निरीक्षण के दौरान कारागृह में कुल 98 बंदी उपस्थित पाये गए। जिला कारागृह के उपाधीक्षक महावीर प्रसाद मीना द्वारा कारागृह में बंदियों की क्षमता से संबंधित समस्या से अवगत करवाया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा जिला कारागृह के उपाधीक्षक महावीर प्रसाद मीना को जेल मैनुअल के अनुसार सभी बंदियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये। साथ ही बंदियों को हत्या, लूट, चोरी एवं अन्य अपराधों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। दौराने निरीक्षण मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा कारागृह परिसर में स्थित प्रिजन लीगल एड क्लीनिक का विजिट का भी निरीक्षण कर बंदियों को प्रदान निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी ली गई, निरीक्षण के दौरान चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल राधेश्याम जोगी एवं जेल स्टाफकर्मी उपस्थित रहे।

 


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now