सड़क पर दिखी डिप्टी सीएम दिया कुमारी की सख्ती: घटिया निर्माण पर ठेकेदारों को लगाई फटकार


रायपुर-करेड़ा मार्ग के निरीक्षण से मचा हड़कंप, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

भीलवाड़ा (मूलचंद पेसवानी)। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी बुधवार को अपने भीलवाड़ा दौरे के दौरान अचानक एक्शन मोड में नजर आईं। रायपुर में एक समारोह के बाद उन्होंने राजकीय राजमार्ग-75 (भिंडर से रामगढ़ वाया गंगापुर-रायपुर-करेड़ा) पर चल रहे सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। मौके पर निर्माण की गुणवत्ता में खामियां देख उपमुख्यमंत्री का पारा चढ़ गया और उन्होंने ठेकेदारों व अधिकारियों की क्लास लगा दी।

“गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं” निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि— “जनता के पैसे का सदुपयोग होना चाहिए। निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ ही पूरा हो।”

अधिकारियों में मचा हड़कंप दिया कुमारी ने मौके पर ही कार्य की प्रगति रिपोर्ट तलब की और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा निर्माण कार्य में कोई कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति उपमुख्यमंत्री ने बताया कि भिंडर से रामगढ़ तक के इस सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात मिलेगा। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी नई गति मिलेगी। उपमुख्यमंत्री की इस त्वरित कार्रवाई और सख्ती को स्थानीय निवासियों ने जनहित में एक साहसिक कदम बताया है।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now