संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी ने किया चकेरी ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण


सवाई माधोपुर 24 अक्टूबर। भरतपुर संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी ने शुक्रवार को जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया के साथ पंचायत समिति सवाई माधोपुर के ग्राम पंचायत चकेरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया।
उन्होंने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पहुँचे। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि प्रत्येक समस्या का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। “हर अधिकारी और कर्मचारी जनसेवा को अपना दायित्व मानकर कार्य करें, ताकि जनता का विश्वास प्रशासन पर और सशक्त हो।
डॉ. सोनी ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएँ सुनीं और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम वासियों द्वारा बाढ़ के कारण खेतों में भरे हुए पानी से हुए फसल खराबे एवं भौतिक सम्पदा रसद सामग्री, पशुचारे के हुए नुकसान की सर्वे अनुसार मुआवजा राशि शीघ्र दिलाने की मांग की। जिस पर सम्भागीय आयुक्त द्वारा मौके पर संबंधित अधिकारियों को भेजे गए प्रस्ताव अनुसार सरकार से सहायता प्राप्त होते ही वितरण सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान संभागीय आयुक्त डॉ. टीना सोनी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया द्वारा स्वामित्व योजना के तहत 82 आवासीय पट्टे वितरित किए गए। वहीं पालनहार योजना अन्तर्गत 2 नवीन आवेदन का सत्यापन, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 4 नवीन आवेदन स्वीकृत, विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर बदलने, ढीले तारो को कसवाने, विद्युत कनेक्शन जारी करने संबंधित 9 से अधिक प्रकरणों को मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं राजस्व विभाग द्वारा 18 मूलनिवास एवं 24 जाति प्रमाण-पत्र जारी किए गए। इस दौरान राजस्व विभाग ने नाम शुद्धि के 66, सहमति से विभाजन के 4 प्रकरण निपटाए, कृषि विभाग ने 150 मिनीकिट और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 22 पॉलिसियाँ वितरित की गई, विभिन्न विभागों द्वारा सैकड़ों आवेदनों का त्वरित निस्तारण किया गया।
डॉ. सोनी ने ग्रामवासियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की और शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गौरव मित्तल, तहसीलदार नीरू सिंह, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now