डॉ. किरोडी मीणा ने पद दंगल कार्यक्रम में शिरकत की


सवाई माधोपुर, 15 फरवरी।पंकज शर्मा। कृषि एवं उद्यानिकी तथा आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोडी लाल मीणा रविवार को सवाई माधोपुर के इटावा बालाजी में आयोजित विशाल पद दंगल कार्यक्रम में शामिल हुए। सैंकड़ो की संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने डॉ. मीणा को हाथी पर बैठाकर बैंड बाजे के साथ जुलूस के रूप में उनका स्वागत सत्कार किया। पद दंगल स्थल पहुंचने पर कृषि मंत्री पर जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई।

कृषि मंत्री ने आयोजन स्थल पर बालाजी के दर्शन किए और प्रदेश तथा जिले की सुख समृद्धि की कामना की।

राज्य सरकार प्रदेश की स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के लिए काम कर रही

डॉ. मीणा ने पद दंगल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि कन्हैया पद दंगल न केवल स्थानीय परंपरा और लोक-संस्कारों के संरक्षण का सशक्त माध्यम है, अपितु सामाजिक एकता, सद्भावना एवं सांस्कृतिक निरंतरता का प्रेरणादायक प्रतीक है। उन्होंने पद दंगल में प्रस्तुति देने वाले लोक कलाकारों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के लिए काम कर रही है। पद दंगल सहित विभिन्न लोक कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार द्वारा कई कदम उठाए जा रहे हैं।

योजनाओं का भरपूर लाभ लें

डॉ. मीणा ने अपने भाषण में राजस्थान सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और आम लोगों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आज हमारे सामाजिक मूल्यों में कमी आ रही है, हमें समाज मे गिरावट को रोकना होगा और बच्चो में अच्छे संस्कार देने होंगे, तभी हमारा समाज और देश तरक्की कर सकेगा।

क्षेत्र की जनता का आभार

डॉ. मीणा ने क्षेत्र की जनता को उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि सवाई माधोपुर की जनता जनार्दन द्वारा मुझे विधायक बनाने के परिणाम स्वरूप ही मैं आज में मंत्री बना हूं। उन्होंने आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का ऐसा ही आशीर्वाद हमेशा बना रहे और वह इसी तरह जनता के लिए काम करते रहें।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now