परिवहन विभाग की कार्रवाई
सवाई माधोपुर, 15 फरवरी।पंकज शर्मा। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, सवाई माधोपुर द्वारा सड़क सुरक्षा नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाते हुए अन्य प्रदेशों में पंजीकृत एवं राज्य में बिना कर जमा कराए संचालित हो रहे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। साथ ही ओवरलोड वाहनों पर भी व्यापक कार्यवाही अमल में लाई गई।
इस संयुक्त कार्रवाई का नेतृत्व जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह द्वारा किया गया। उनके साथ कार्यालय के उड़नदस्तों ने अभियान को अंजाम देते हुए कुल 30 वाहनों के विरुद्ध ओवरलोड, फिटनेस, टैक्स एवं अन्य नियमों के उल्लंघन में चालान बनाए। इस कार्रवाई के माध्यम से लगभग 25 लाख रुपये की प्रशमन राशि अर्जित की गई।
अभियान के दौरान परिवहन निरीक्षक हनुमान मीना एवं पिंकी रानी भी उपस्थित रहे और उन्होंने सघन जांच में सक्रिय भूमिका निभाई।
विभाग द्वारा बताया गया कि माननीय आयुक्त, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग से प्राप्त निर्देशों की पालना में भविष्य में भी सड़क सुरक्षा के विरुद्ध गंभीर अपराध करने वाले वाहनों के खिलाफ निरंतर प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला परिवहन अधिकारी अभिजीत सिंह ने वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित कर, फिटनेस एवं ओवरलोडिंग संबंधी नियमों का पूर्णतः पालन करें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके एवं दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।
2014 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2015 से 2021 तक गंगापुर सिटी पोर्टल (G News Portal) का बतौर एडिटर सञ्चालन किया। 2017 से 2020 तक उन्होंने दैनिक समाचार पत्र राजस्थान खोज खबर में काम किया। 2021 से 2022 तक दैनिक भास्कर डिजिटल न्यूज और साधना न्यूज़ में। 2021 से अब तक वे आवाज आपकी न्यूज पोर्टल और गंगापुर हलचल (साप्ताहिक समाचार पत्र) में संपादक और पत्रकार हैं। साथ ही स्वतंत्र पत्रकार हैं।