ग्रामीण महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं, निःशुल्क शिविरों और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में योगदान पर मिला सम्मान।
गंगापुर सिटी। वर्धमान मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की निदेशक एवं दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन राजस्थान रीजन की रीजन सहसचिव डॉ. सुलेखा जैन को महिला स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सरोकारों में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जयपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
डॉ. सुलेखा जैन को यह सम्मान ग्रामीण एवं अंचल क्षेत्रों की महिलाओं के लिए नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य एवं स्त्री रोग परामर्श शिविरों के आयोजन, जिला स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनेकोलॉजी) के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए किए गए सतत प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं से महिलाओं को जोड़ा
डॉ. सुलेखा जैन ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी सेवा भावना, समर्पण और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप ने किया अभिनंदन
सम्मान प्राप्त करने के बाद दिगंबर जैन सोशल ग्रुप, गंगापुर सिटी की ओर से डॉ. सुलेखा जैन का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ग्रुप के पदाधिकारियों ने उन्हें माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किया और इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, सचिव महेश जैन, शहर सचिव डॉ. मनोज जैन, धर्मेंद्र जैन, जगदीश जैन सहित कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि डॉ. सुलेखा जैन का यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों की पहचान है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने भविष्य में भी महिला स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।