राजकीय पीजी महाविद्यालय माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 को लेकर क्विज प्रतियोगिता एवं कार्यशाला आयोजित


गंगापुर सिटी। पंकज शर्मा,  16 फरवरी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के माय भारत पोर्टल पर आयोजित किये जा रहे माय भारत बजट क्विज 2026 पर जिला कलेक्टर कानाराम के निर्देशानुसार सोमवार को कार्यशाला राजकीय पीजी महाविद्यालय गंगापुर सिटी में आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को बजट प्रक्रिया से जोड़ना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
प्राचार्य सुमित्रा मीना ने युवाओं को माय भारत पोर्टल से जुड़ने का आह्वान करते हुए बताया कि इस पहल के माध्यम से युवा बजट क्विज में भाग लेकर आगामी बजट के लिए अपने सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं। यह राष्ट्रीय स्तर की क्विज प्रतियोगिता 3 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं सार्थक सुझाव देने वाले युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से सीधे संवाद करने का अवसर भी प्राप्त हो सकता है।
इस अवसर पर विधार्थी परिषद के सीताराम गुर्जर ने छात्राध्यापिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि सवाई माधोपुर जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य और युवाओं की आकांक्षाओं को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय प्राचार्य सुमित्रा मीना सहित अन्य सभी व्याख्यातागणो ने भी युवाओं को इस पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और तकनीकी नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा कर सकते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय में बजट 2026 से संबंधित क्विज प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्राचार्य सुमित्रा मीना ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बजट की महत्ता पर प्रकाश डाला। जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में इस अभियान को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर सहआचार्य धीरज गुप्ता, राकेश दुबे, अशोक शर्मा, सुरेश मीना, चंदशेखर मीना आदि उपस्थित रहे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now