150 महिलाओं की सहभागिता के साथ लहरिया श्रृंगार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और इको-फ्रेंडली राखी प्रतियोगिता ने बिखेरे सावन के रंग।
भीलवाड़ा। आरकेआरसी माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा आयोजित ‘सावन की फुहार, लहरियों का श्रृंगार’ थीम आधारित सावन महोत्सव-2026 उल्लास, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का सुंदर संगम बन गया। रंग-बिरंगी लहरियों, लोकगीतों, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन में करीब 150 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय माहेश्वरी महिला संगठन की राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ममता मोदानी, प्रदेश अध्यक्ष सीमा कोगटा तथा जिला मंत्री निशा काकानी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन अध्यक्षा पल्लवी लढ़ा ने की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
पारिवारिक मूल्यों पर दिया प्रेरक संदेश
विशिष्ट अतिथि नीलू मालू ने ‘कुटुंब प्रबोधन’ विषय पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए परिवार की एकता, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत परिवार ही मजबूत समाज और राष्ट्र की आधारशिला हैं।
इको-फ्रेंडली राखी प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
संगठन की सचिव रंजना बिरला ने बताया कि कार्यक्रम में इको-फ्रेंडली राखी मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने भैया-भाभी के लिए आकर्षक एवं पर्यावरण-अनुकूल राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिता का संचालन राजकुमारी राठी एवं मितिका लढ़ा ने किया।
लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मीडिया प्रभारी सविता माहेश्वरी ने बताया कि महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में समूह लोकनृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस प्रस्तुति का संयोजन रेनू समदानी एवं शिल्पा काष्ट ने किया।
इसके अलावा फन गेम्स के माध्यम से टीम भावना, सकारात्मक सोच और विपरीत परिस्थितियों में संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। इन गतिविधियों का संचालन सुमन भंडारी, चेतना जागेटिया एवं प्रीति काबरा ने किया।
विजेताओं का हुआ सम्मान
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पूनम डाड एवं मीनू झंवर ने किया। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लाड देवी लढ़ा, वंदना नुवाल, इंद्रा हेडा, स्नेहलता तोषनीवाल, सरोज सोमानी, सुमित्रा दरगड़, सुनीता मूंदड़ा, चंद्रकांता गगरानी, सुनीता नराणीवाल, प्रिया न्याति, सीमा बिरला, सुमन दरगड़, आशा दरगड़, सुनीता काबरा, सुनीता बिरला, मधु बिरला, आभा माहेश्वरी, मोनिका चेचानी, रेखा इनाणी, रीना माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में सदस्याएं उपस्थित रहीं।
सावन महोत्सव ने पारिवारिक संस्कार, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए सभी प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय यादें छोड़ दीं।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।