बाबा नीम करौली के दर पर नवाया शीश, हनुमान चालीसा का पाठ किया, मुख्यमंत्री धामी की तारीफ कर विकास पर रखे विचार
नैनीताल। सरोवर नगरी से करीब 15 किलोमीटर दूर नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करौली महाराज का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या फिल्म टीम के अन्य सदस्यों के साथ पहुंचे। उन्होंने कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के मंदिर और उनकी मूर्ति के दर्शन किए तथा आशीर्वाद लिया।
कैंची धाम पहुंचने पर अभिनेता ने बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में शीश नवाया और हनुमान चालीसा का पाठ कर ध्यान लगाया। उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही मंदिर के मुख्य गेट पर प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए भवाली और कैंची पुलिस की टीम भी मौके पर तैनात रही।
उत्तराखंड और मुख्यमंत्री धामी की तारीफ
बाबा नीम करौली महाराज का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ की। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि यहां देवताओं का वास माना जाता है।
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौली महाराज का महत्व लगातार बढ़ा है और उनके जीवन से जुड़े प्रसंग लोगों को प्रेरित करते हैं। अभिनेता ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ भारतीय संस्कृति से जुड़ी फिल्म है और जब संस्कृति आगे बढ़ती है तो विकास भी आगे बढ़ता है।
मंदिर प्रबंधन ने किया फिल्म टीम का स्वागत
कैंची धाम पहुंचने पर मंदिर प्रबंधक प्रदीप साह सहित अन्य प्रबंधन सदस्यों ने शोभिनव सत्या और फिल्म टीम का स्वागत किया। कलाकारों ने मंदिर में दर्शन कर बाबा का आशीर्वाद लिया और हनुमान चालीसा का पाठ किया।
इसके बाद फिल्म टीम ने मंदिर प्रबंधन के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान कैंची धाम के आसपास चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी ली गई।
फिल्म को मिल रही दर्शकों की प्रतिक्रिया
बताया गया कि बाबा नीम करौली महाराज की जीवनी और उनसे जुड़े प्रसंगों पर आधारित ‘हनुमान अंश’ फिल्म को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के मुनाफे को लेकर भी चर्चा है। फिल्म के गीत भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं।
हनुमान अंश पार्ट-2 पर भी हुई चर्चा
फिल्म टीम ने ‘हनुमान अंश पार्ट-2’ की तैयारियों को लेकर भी मंदिर प्रबंधन से चर्चा की। आश्रम प्रबंधन की ओर से फिल्म की सराहना करते हुए इसके अगले भाग के निर्माण के लिए टीम को शुभकामनाएं दी गईं।
फिल्म टीम की कैंची धाम यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था और फिल्म से जुड़े विषयों पर चर्चा का दौर भी चला।
प्रशंसकों ने लगाए सीताराम के जयकारे
शोभिनव सत्या को कैंची धाम में देखकर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों ने ‘सीताराम-सीताराम’ के जयकारे लगाए। अभिनेता ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और मंदिर के बाहर मौजूद लोगों से एक-एक कर मुलाकात की।
अभिनेता के पहुंचने की सूचना के बाद मंदिर के मुख्य गेट पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। कुछ देर तक भीड़ का माहौल बना रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित किया।
2 से 4 अक्टूबर तक उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
कैंची धाम में 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ देखने को मिली। बाबा नीम करौली महाराज के मंदिर और उनकी मूर्ति के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचे। इन दिनों कैंची धाम में ऐसा माहौल रहा मानो बाबा के दर्शन के लिए पूरा देश उमड़ आया हो।
अब भीड़ में कुछ कमी आई है, लेकिन नीम करौली महाराज के भक्तों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। इसी तरह नैनीताल सरोवर नगरी और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में भी पर्यटकों की बड़ी संख्या में आवाजाही देखी जा रही है।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।