राजस्थान के पांच जिलों के 188 गांवों में संचालित है योजना, भीलवाड़ा के खातीखेड़ा निवासी याकूब नीलगर अमरूद की बाड़ी से कमा रहे सालाना डेढ़ लाख रुपए तक
भीलवाड़ा। पारंपरिक खेती, बढ़ती लागत और मौसम की चुनौतियों के बीच किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए हिंदुस्तान जिंक की कृषि आधारित आजीविका परियोजना ‘समाधान’ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बदलाव लाने का प्रयास कर रही है। आधुनिक कृषि तकनीक, बागवानी, पशुपालन और बेहतर बाजार संपर्क के जरिए इस परियोजना से जुड़े किसानों की औसत वार्षिक आय में वित्त वर्ष 2022 के मुकाबले 46.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
यह परियोजना राजस्थान के उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और राजसमंद जिलों के 188 गांवों में संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से हजारों किसानों को खेती और पशुपालन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हिंदुस्तान जिंक की ओर से बायफ के सहयोग से संचालित यह कार्यक्रम टिकाऊ खेती, पशुपालन विकास, जलवायु अनुकूल कृषि, संस्थागत क्षमता निर्माण और बाजार तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।
किसान उत्पादक कंपनियों (एफपीसी) और किसान समूहों के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और पशुधन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वित्त वर्ष 2025 में 35 हजार किसानों को मिला लाभ
परियोजना के तहत वित्त वर्ष 2025 में कुल 35 हजार किसानों को लाभ मिला। इनमें 13 हजार से अधिक किसानों ने 5,500 एकड़ भूमि पर उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाईं। इससे फसल उत्पादन और किसानों की आय में वृद्धि हुई।
पशुपालन के क्षेत्र में भी परियोजना के माध्यम से किसानों को सहायता दी गई। इसके तहत 34,638 पशुओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जबकि नस्ल सुधार कार्यक्रम में 91 प्रतिशत सफलता दर्ज की गई।
इसके अलावा सरकारी योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर 4 करोड़ रुपए की सहायता जुटाई गई। इससे 9,972 किसानों को लाभ मिला। परियोजना के माध्यम से खेती के साथ पशुपालन को भी किसानों की आजीविका का महत्वपूर्ण साधन बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
खातीखेड़ा के याकूब ने अमरूद की बाड़ी से बदली आर्थिक स्थिति
समाधान परियोजना का सकारात्मक असर भीलवाड़ा जिले के खातीखेड़ा गांव के किसान याकूब नीलगर के जीवन में देखने को मिला है। पहले पारंपरिक खेती, अधिक लागत और सीमित आमदनी के कारण उन्हें परिवार की जरूरतें पूरी करने के लिए मजदूरी तक करनी पड़ती थी।
परियोजना से जुड़ने के बाद उन्होंने आधुनिक खेती अपनाई और अपने खेत में अमरूद की बाड़ी विकसित की। इसके लिए उन्हें 80 पौधे उपलब्ध कराए गए। साथ ही खेती को बेहतर तरीके से करने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन और नियमित सहयोग भी मिला।
आज याकूब की अमरूद की बाड़ी से प्रतिवर्ष 1.20 लाख से 1.50 लाख रुपए तक की आमदनी हो रही है। बढ़ी हुई आय से उन्होंने सेकेंड हैंड ट्रैक्टर भी खरीदा है। इससे खेती का काम आसान होने के साथ ही किराए पर ट्रैक्टर लेने का खर्च भी बचने लगा है।
याकूब की यह सफलता बताती है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण पौधों और तकनीकी सहयोग से किसान पारंपरिक खेती के साथ अतिरिक्त आय के साधन भी विकसित कर सकते हैं।
जलवायु अनुकूल खेती और आधुनिक तकनीक पर जोर
राजस्थान की चुनौतीपूर्ण जलवायु को ध्यान में रखते हुए समाधान परियोजना के तहत सूखा सहन करने वाली और अधिक उत्पादन देने वाली फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इनमें मक्का, बायो-फोर्टिफाइड गेहूं, ज्वार, बाजरा, तिलहन और मूंगफली जैसी फसलें शामिल हैं।
इसके साथ ही किसानों को सौर ऊर्जा आधारित कीट नियंत्रण उपकरण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन उपकरणों के उपयोग से रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता घटाने और लाभकारी कीटों के संरक्षण में मदद मिल रही है। परियोजना का उद्देश्य किसानों को ऐसी कृषि पद्धतियों से जोड़ना है, जो स्थानीय जलवायु के अनुकूल होने के साथ उत्पादन और आमदनी बढ़ाने में सहायक हों।
9.73 करोड़ रुपए तक पहुंचा एफपीसी का कारोबार
किसानों को बाजार से जोड़ने और सामूहिक रूप से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए परियोजना के तहत चार सूक्ष्म उद्यम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 9,972 सदस्य किसानों के साथ छह किसान उत्पादक कंपनियों का गठन किया गया है। इन कंपनियों की कुल शेयर पूंजी 128.89 लाख रुपए है।
वित्त वर्ष 2026 में इन किसान उत्पादक कंपनियों का कुल कारोबार 9.73 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। इससे किसानों को बेहतर बाजार, उचित मूल्य और कृषि उत्पादों की मूल्य श्रृंखला से जुड़ने के अवसर मिल रहे हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी काम
हिंदुस्तान जिंक की ओर से कृषि आधारित आजीविका के साथ शिक्षा, कौशल विकास, सतत आजीविका, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी सामाजिक विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
कंपनी के अनुसार, राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों के 4,100 से अधिक गांवों में उसके अलग-अलग कार्यक्रमों से 26 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो रहे हैं। कंपनी अपने वर्ष 2030 के स्थिरता लक्ष्यों के अनुरूप ग्रामीण समुदायों के समावेशी विकास और दीर्घकालिक सामाजिक बदलाव के लिए कार्य कर रही है।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।