प्रयागराज।राजदेव द्विवेदी। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। संगम नगरी में गंगा और यमुना ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। दोनों नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रहीं है। लोग घर छोड़कर पलायन करने के लिए मजबूर हो गए हैं। बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचने वालों की संख्या काफी अधिक हो गई है। इससे राहत केंद्रों की व्यवस्था भी चरमरा गई है। गंगा से अधिक तेज यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। कछारी इलाकों के अलावा अब बाढ़ का पानी शहर के मोहल्लों की ओर बढ़ रहा है। कहीं बाढ़! कहीं श्रद्धा का उत्सव, तो कहीं त्रासदी,भक्ति और पीड़ा के बीच में प्रयागराज उलझ गया है।गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है। एक तरफ शहर के निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की दिनचर्या ठप हो गई है, तो वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें लोग मां गंगा के घर तक आने की घटना को अलौकिक अनुभूति मानकर पूजा-पाठ, आरती और उत्सव करते दिख रहे हैं। यह दृश्य एक ही शहर के दो अलग-अलग मनोभावों को दर्शाता है । कही आस्था का उत्सव, तो कहीं विपदा से जूझती ज़िंदगी।इस आध्यात्मिक भावुकता के विपरीत एक और सच्चाई है वो है बाढ़ से बेहाल नागरिकों की पीड़ा। करेली, राजापुर, दारागंज, गंगानगर और झूंसी बघाड़ा, सलोरी, आदि जैसे क्षेत्रों में सैकड़ों घरों में पानी घुस चुका है। हजारों लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। उनके लिए यह कोई धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि रोज़मर्रा की ज़िंदगी की जद्दोजहद है। कई परिवारों का सामान पानी में बह गया है, बच्चों की पढ़ाई रुक गई है, और बुज़ुर्गों की दवाइयां तक नहीं मिल पा रही हैं।इस विरोधाभास को देखकर प्रश्न उठता है क्या यह आस्था का उत्सव है या ‘भक्ति’ का दिखावा? क्या सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो सच्ची श्रद्धा के प्रतीक हैं या केवल लाइक और व्यूज़ पाने की होड़?दरअसल, यह परिस्थिति हमें एक गहरा संदेश देती है मां गंगा ने कभी भी किसी के प्रति पक्षपात नहीं किया। उन्होंने सबको अपनी गोद में स्थान दिया है, भक्त को भी और पीड़ित को भी। महाकुंभ के दौरान मां ने अपने पावन तटों को इतना विस्तृत कर दिया कि 67 करोड़ लोगों को स्नान का सौभाग्य मिल सका। पर आज वही क्षेत्र पानी में डूबा हुआ है। यह दर्शाता है कि गंगा का मूल स्थान उनका है, हमने ही अतिक्रमण करके उन्हें सीमित करने की कोशिश की।इसलिए आज आवश्यकता है श्रद्धा के साथ-साथ संवेदना की भी। जो लोग सुरक्षित हैं, उन्हें पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। भोजन, वस्त्र, दवाइयां और आश्रय यही इस समय की सबसे बड़ी सेवा है। यही मां गंगा की सच्ची पूजा है।इसलिए, आज यह सवाल मत पूछिए कि गंगा के बढ़ते जल में रोया जाए या हँसा जाए, उत्सव मनाया जाए या चिंता की जाए आज जरूरत है साथ देने की, समझदारी की और सच्ची भक्ति की। क्योंकि मां गंगा सबकी मां हैं। शासन, प्रशासन व संस्थाओं द्वारा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी परिवार सहायता से वंचित न रहे। प्राथमिकता के तौर पर राहत, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाएं शीघ्र बहाल हो सकें।

2008 से लगातार पत्रकारिता कर रहे हैं। 2008 से 2019 तक सर्वोदय वार्ता, सर्वोदय वार्ता मैगजीन में। 2020 से 2021 तक इंडियन लाइव टीवी में । 2021 से 2023 तक दैनिक समाचार पत्र पूर्वांचल स्वर प्रयागराज में। 2023 से 2024 तक दैनिक समाचार पत्र लक्ष्मण नगर जंक्शन में। 2024 से अब तक लगातार दैनिक समाचार पत्र लक्ष्य सामग्र में। 2021 से अब तक आवाज आपकी न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं।