बसैया कलां निवासी पीड़ित ने कराया मामला दर्ज
मामले की जांच में जुटी थाना लखनपुर पुलिस
लखनपुर|थाना क्षेत्र के अंतर्गत बसैया कलां गांव निवासी विजय सिंह और उनके परिजनों के साथ रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। शादी समारोह से लौटते वक्त ऑटो सवार लोगों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर मारपीट की और नकदी व सोने-चांदी के जेवर से भरे बैग को लूट लिए। घटना को लेकर पीड़ित ने शनिवार रात को लखनपुर थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, विजय सिंह ने थाने में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि, वह अपने रिश्तेदारों और परिवार के साथ ऑटो में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होकर गांव गादौली जा रहे थे। जब ऑटो बसैया और लुलहारा के बीच सपाट पर पहुंचा, तभी बझेरा निवासी बनवारी पुत्र विजय सिंह और उसके साथ 8-10 लोगों ने सड़क पर पत्थर डालकर टेम्पो को रोकने की कोशिश की।
टेम्पो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर निकलने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने मोटरसाइकिल से पीछा कर लुलहारा के पास सड़क पर मोटरसाइकिल अड़ा दी और ऑटो रुकवा लिया। इसके बाद उन्होंने ऑटो में सवार सभी लोगों के साथ जमकर मारपीट की। पीड़ित विजय सिंह ने बताया कि बदमाशों ने ऑटो में रखा बैग छीन लिया, जिसमें करीब 40 हजार रुपये नकद, एक सोने की लर, एक सोने का हार और सोने की चूड़ियां थीं। घटना के दौरान चीख-पुकार मचने पर आरोपी मौके से मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित और उनके परिजनों ने लखनपुर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Bharatpur, Rajasthan