मदन दिलावर ने पेपर लीक, जर्जर स्कूलों, शिक्षक तबादलों और पौधारोपण अभियान को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
भीलवाड़ा। राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर शनिवार को एक दिवसीय भीलवाड़ा दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया, पौधारोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और शिक्षा व्यवस्था, सरकारी स्कूलों की स्थिति, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों तथा आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर अपनी बात रखी।
मंत्री दिलावर ने आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि सरकार चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि ओबीसी आयोग अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप चुका है और अब चुनाव कार्यक्रम एवं अधिसूचना जारी करना चुनाव आयोग का विषय है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग उचित समय पर चुनाव की घोषणा करेगा।
‘पेपर लीक नहीं हुए, पेपर बेचे गए’
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे मौजूदा सरकार पर आरोप लगाकर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।
दिलावर ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में केवल पेपर लीक की बात नहीं थी, बल्कि “पेपर बेचे गए”। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर बेचकर फंड जुटाने का काम किया गया।
उन्होंने अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। दिलावर ने कहा कि कई हिंदी माध्यम स्कूलों की इमारतों पर अंग्रेजी माध्यम के बोर्ड लगा दिए गए, लेकिन वहां अंग्रेजी माध्यम के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित नहीं की गईं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।
84 हजार कक्षों की मरम्मत का दावा
शिक्षा मंत्री ने सरकारी स्कूलों के जर्जर भवनों को लेकर कहा कि प्रदेश में कई विद्यालयों के भवन 40 से 100 वर्ष तक पुराने हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी स्कूलों में करीब 84 हजार कमरों की मरम्मत की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से इन कमरों की मरम्मत और नए भवन निर्माण का काम कर रही है। इसके लिए सरकारी बजट के साथ दानदाताओं एवं भामाशाहों का सहयोग भी लिया जाएगा।
भीलवाड़ा जिले को लेकर उन्होंने कहा कि आगामी छह माह में जर्जर सरकारी स्कूलों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। जहां भवन पूरी तरह जर्जर हैं, वहां उन्हें हटाकर नए भवन बनाए जाएंगे, जबकि अन्य भवनों की मरम्मत कराई जाएगी।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के तबादलों पर बोले- आश्वासन पूरा करेंगे
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण के सवाल पर दिलावर ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों को जो आश्वासन दिया है, उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मांग को लेकर गंभीर है और नियमानुसार उचित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
भीलवाड़ा शहर के तिलकनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में भाजपा शास्त्री मंडल के तत्वावधान में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पौधारोपण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पेड़ धरती मां का श्रृंगार हैं और उनकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को केवल फोटो खिंचवाने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल भी जरूरी है।
दिलावर ने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय लोगों को ऑक्सीजन के महत्व का व्यापक रूप से अहसास हुआ। उन्होंने आमजन से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की।
धानमंडी स्कूल में भी किया पौधारोपण
शिक्षा मंत्री ने धानमंडी स्थित राजकीय विद्यालय में भी पौधारोपण किया। उन्होंने विद्यार्थियों और आमजन से पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान सीडीईओ अरुणा गारू सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके बाद दिलावर ने वार्ड 51 में आयोजित चिकित्सा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से शिविर में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। पूर्व पार्षद उदयलाल तेली ने उनका स्वागत किया।
रामद्वारा और मंदिरों में किए दर्शन
भीलवाड़ा प्रवास की शुरुआत में मंत्री मदन दिलावर आरसी व्यास कॉलोनी स्थित पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने अवस्थी से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। करीब एक घंटे तक राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
इसके बाद दिलावर माणिक्य नगर स्थित रामद्वारा पहुंचे, जहां चातुर्मास कर रहे आचार्य श्री रामदयालजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूर्व विधायक अवस्थी भी उनके साथ रहे।
मंत्री हरनी महादेव मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। यहां पूर्व पार्षद शंकर जाट ने उनका स्वागत किया। इसके अलावा वार्ड 51 स्थित बड़लेश्वर महादेव मंदिर में भी उन्होंने दर्शन किए।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
पौधारोपण एवं अन्य कार्यक्रमों में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी, जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल, जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया सहित भाजपा के अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शास्त्री मंडल महामंत्री शंकर जाट, हरीश सालवी, राजकुमार आंचलिया, शंशाक बिड़ला, यशोवर्धन सेन, राजकुमार घावरी, सावन दिया, पिंटू राव, राहुल बना, सुरेश जीनगर, विनोद खोईवाल, निर्मला सोनी और शिवानी भरावा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।