संवाद कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहर के समग्र विकास के लिए आमजन से सुझाव लिए।
नदबई। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत नदबई नगर के विकास को लेकर नगर पालिका सभागार में शुक्रवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा शहर के समग्र विकास के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सचिन यादव ने कहा कि शहर का विकास जनसहभागिता से ही संभव है। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि वे प्रस्तावित योजनाओं पर अपने सुझाव दें और आधुनिक एवं सुविधायुक्त शहर के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें।
26.90 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित
संवाद कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता विनोद चौहान ने बताया कि आरयूआईडीपी के पंचम चरण के तहत नदबई में करीब 26.90 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों में अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए 21.41 करोड़ रुपये, ठोस कचरा प्रबंधन के लिए 2.48 करोड़ रुपये, विरासत संरक्षण एवं पर्यटन विकास के लिए 1.75 करोड़ रुपये तथा बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज कार्यों के लिए करीब 1.25 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। इसके अलावा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से संबंधित कार्यों की भी जानकारी साझा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने, जल निकासी, स्वच्छता, पर्यटन विकास तथा आधुनिक शहरी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि नदबई को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरवती सिनसिनवार, बालमुकन्द बिहारिया, पूर्व उपाध्यक्ष अजय जैन, अधिशासी अधिकारी पवन गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।