अंतरराष्ट्रीय नशा विरोधी दिवस पर युवाओं को नशामुक्ति का संदेश


‘नशा नहीं, भविष्य चुनो’ थीम पर जागरूकता पोस्टर का विमोचन, युवाओं को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा

भीलवाड़ा।पंकज पोरवाल। अंतरराष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरंभ सेवा संस्थान एवं चमकता जीवन सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा नहीं, भविष्य चुनो’ विषय पर तैयार जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर विद्यार्थियों और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई।

जागरूकता पोस्टर का हुआ विमोचन

नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में विशेष जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर का विमोचन एडिशनल एसपी पारस जैन, भीलवाड़ा एडीएच डॉ. हरीतिमा शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की निदेशक नूतन शर्मा, एमजी चिकित्सालय के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र शर्मा, मनोरोग विभाग के एचओडी डॉ. वीरभान चंचलानी, डॉ. दिनेश बैरवा तथा आरंभ सेवा संस्थान के विशाल खण्डेलवाल द्वारा किया गया।

‘नशा नहीं, भविष्य चुनो’ का दिया संदेश

विमोचित पोस्टर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, परिवार, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करना है।

पोस्टर में “युवा जागो – नशे को ना कहो”, “मैं नशे से नहीं, अपने सपनों से हाई हूँ” तथा “एक सही निर्णय आपका भविष्य बदल सकता है” जैसे प्रेरणादायक संदेश शामिल किए गए हैं। इन संदेशों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।

नशा पूरे समाज को करता है प्रभावित : पारस जैन

इस अवसर पर एडिशनल एसपी पारस जैन ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रेरणादायक संदेशों से युक्त ऐसे पोस्टर युवाओं को सही दिशा में सोचने और सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचेगा संदेश

संस्थान प्रतिनिधियों ने बताया कि नशा मुक्ति के इस जनजागरूकता अभियान को व्यापक बनाने के लिए इन पोस्टरों को शहर के अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है तथा युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर उन्हें नशे से दूर रखा जा सकता है।

संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान आरंभ सेवा संस्थान की ओर से संस्था प्रधान विशाल खण्डेलवाल, युवराज पारीक, कुलदीप सिंह, समाजसेवक सीताराम खटीक, राकेश नायक सहित संस्थान का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।

सभी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य, शिक्षा और भविष्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया तथा नशा मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *