रक्तदान से बढ़कर कोई जनसेवा नहीं, NCC कैडेट्स ने दिया मानवता का संदेश


राजकीय महाविद्यालय गंगापुर सिटी के NCC कैडेट्स और अस्पताल स्टाफ ने स्वैच्छिक रक्तदान कर सेवा का संदेश दिया

गंगापुर सिटी। ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय, गंगापुर सिटी की NCC आर्मी विंग और राजकीय उपजिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में अस्पताल के ब्लड बैंक में एक दिवसीय रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में एनसीसी कैडेट्स, अस्पताल के स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया।

रक्तदान को बताया मानव सेवा का उत्कृष्ट कार्य

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामकेश आदिवासी ने रक्तदाताओं और एनसीसी कैडेट्स के सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा, “रक्तदान मानव सेवा का ऐसा उत्कृष्ट कार्य है, जो किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह केवल एक यूनिट रक्त देना नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवनदान देना है।”

उन्होंने युवाओं और आमजन से राष्ट्रहित एवं सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

रक्तदान को बताया महादान

शिविर उपजिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। डॉ. गुप्ता ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि इससे सामाजिक उत्तरदायित्व और परोपकार की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

NCC कैडेट्स ने निभाई सक्रिय भूमिका

एनसीसी अधिकारी डॉ. विजेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में कैडेट्स ने रक्तदान शिविर में सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान सीनियर अंडर ऑफिसर प्रियांक सोनी, अंडर ऑफिसर आकाश सैनी, कैडेट दिलीप मीणा, मनदीप राणा, नितिन बैरवा, राजवीर बैरवा, अंकुश मीणा, गौरव गुर्जर, कृष्णा गुर्जर और अनुराग प्रजापत सहित ब्लड बैंक के नर्सिंग स्टाफ सदस्य विजय कुमार गोयल उपस्थित रहे।

महाविद्यालय परिवार ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ संकाय सदस्य सुरेशचंद मीना, कैलाश बैरवा, डॉ. अनिल कुमार शर्मा, महेंद्र कुमार मीना और धर्मवीर मीना सहित महाविद्यालय परिवार ने चिकित्सालय स्टाफ, रक्तदाताओं और एनसीसी कैडेट्स का आभार व्यक्त किया।

रक्तदान शिविर के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स और अन्य रक्तदाताओं ने मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जरूरतमंदों की मदद का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *