सवाई माधोपुर: कांग्रेस सेवादल का एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, संगठन मजबूती पर दिया जोर

‘अब हर जन आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाएगा सेवादल का श्वेत सैनिक’ — प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह अडवाना

चौथ का बरवाड़ा (बौंली/बामनवास)। श्रद्धा ओम त्रिवेदी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत की मंशानुसार, शनिवार को सवाई माधोपुर जिला कांग्रेस सेवादल का एक दिवसीय ‘संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर’ चौथ का बरवाड़ा में आयोजित किया गया। इस शिविर में संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना

शिविर के मुख्य अतिथि, प्रदेश उपाध्यक्ष व जोन प्रभारी राजेंद्र सिंह अडवाना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा, “वर्तमान में देश और प्रदेश के जो हालात हैं, उसके लिए केंद्र सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है। राजस्थान की वर्तमान सरकार केंद्र की कठपुतली बनकर रह गई है। इस डबल इंजन की सरकार ने देश और राज्य को आपातकाल जैसी स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है।”

अडवाना ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगे कहा कि अब वह समय आ गया है जब सेवादल के श्वेत सैनिकों को सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खड़े होना होगा और हर जन आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभानी होगी।

संगठन विस्तार और भाईचारे की रक्षा का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान सेवादल के प्रदेश कोषाध्यक्ष व संभाग प्रभारी आर. पी. मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नए सदस्यों को जोड़ने की बात कही।

वहीं, सवाई माधोपुर सेवादल के जिला अध्यक्ष संतोष स्वामी ने कहा कि जिला सेवादल पूरी मजबूती के साथ काम कर रहा है। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि देश के भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब को तोड़ने वाली ताकतों को सेवादल मुंहतोड़ जवाब देगा।

महिला विंग की कमान और महत्वपूर्ण नियुक्तियां

इस शिविर में जिला कांग्रेस सेवादल की जिला कार्यकारिणी की सहमति से महिला कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष पद के लिए चंद्रकला सैनी के नाम की अनुशंसा की गई।

सत्र को सेवादल यंग ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष अनुज कुमार गौतम, भरतपुर संभाग कोर्डिनेटर ऋषि मीणा, महिला कांग्रेस सेवादल व यंग ब्रिगेड प्रभारी गुरुवचन वाल्मिकी, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत मीणा, और जिला महासचिव सलीम मिर्जा व कुद्दूस खान सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ब्लॉक कांग्रेस सेवादल चौथ का बरवाड़ा के ब्लॉक अध्यक्ष शंकर लाल सैनी ने किया।

यह भी पढ़ें:

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now