प्रयागराज में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक, उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश


मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने निवेश मित्र पोर्टल, युवा स्वरोजगार योजनाओं और नैनी औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं की समीक्षा कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

प्रयागराज। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को गांधी सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा नैनी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत पोल शिफ्टिंग सहित विभिन्न लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई।

मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।

विद्युत विभाग की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान नैनी औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य की समीक्षा के समय विद्युत विभाग का कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं था। इस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य अभियंता विद्युत से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में यूपीएसआईडीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि नैनी औद्योगिक क्षेत्र के अंदर पोल शिफ्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। हालांकि उद्यमियों ने बताया कि मिर्जापुर रोड पर पोल शिफ्टिंग का कार्य अभी अधूरा है। इस पर मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग को शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैंकों को लंबित आवेदन जल्द निपटाने के निर्देश

मंडलायुक्त ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद मार्जिन मनी योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बैंकों में लंबित सभी आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित किए जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन आवेदनों को बैंक स्वीकृत कर चुके हैं, उनमें ऋण वितरण की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।

निवेश मित्र पोर्टल पर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि किसी भी विभाग का आवेदन निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय सीमा के बाद यदि कोई आवेदन लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

औद्योगिक क्षेत्रों की अन्य समस्याओं पर भी हुई चर्चा

बैठक में मोनेरको औद्योगिक आस्थान से संबंधित उद्यमियों की समस्याओं को राज्य उद्योग बंधु समिति के समक्ष भेजने के लिए संयुक्त आयुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया।

इसके अलावा प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा सड़क चौड़ीकरण के दौरान तोड़ी गई एमएनआईटी औद्योगिक आस्थान की बाउंड्रीवाल का अब तक पुनर्निर्माण नहीं होने का मामला भी उठाया गया। इस पर मंडलायुक्त ने प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई कर बाउंड्रीवाल का निर्माण शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *