जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों के गठन, लखपति दीदी योजना और विभिन्न विभागीय योजनाओं से महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिए
प्रयागराज। राजदेव द्विवेदी। प्रयागराज में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के गठन को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत क्रियान्वयन अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
योजनाओं की प्रगति की दी गई विस्तृत जानकारी
बैठक में डीसी एनआरएलएम शमा सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं तथा उनकी प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद जिलाधिकारी ने योजनाओं की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न विभागों में संचालित सभी लाभार्थीपरक योजनाओं से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी आच्छादित करते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
लखपति दीदी योजना में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने लखपति दीदी योजना के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय कन्वर्जेन्स के माध्यम से संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी समिति को उपलब्ध कराएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में प्रभावी सहयोग मिल सके।
कई विभागों को योजनाओं से महिलाओं को जोड़ने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मनरेगा, जिला उद्योग केन्द्र, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, समाज कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, सेवायोजन विभाग, कृषि विभाग, अर्थ एवं संख्या विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग, खादी ग्रामोद्योग विभाग, अग्रणी जिला प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास विभाग, सहकारिता विभाग तथा कौशल विकास मिशन से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग की संचालित योजनाओं से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अवगत कराते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करें।
पात्र परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के निर्देश
जिलाधिकारी ने पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय अन्न योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना, विधवा पेंशन धारकों, जीरो पावर्टी परिवारों तथा हर घर नल योजना से जुड़े ग्रामीण पात्र परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों के गठन पर दिया जोर
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूहों का गठन किए जाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, डीसी मनरेगा, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।