रेल पेंशनरों को बड़ी राहत, अब HRMS या मैनुअल व्यवस्था से मिलेगा पास/PTO


रेलवे बोर्ड ने डिजिटल प्रक्रिया में कठिनाई झेल रहे पेंशनरों के लिए मैनुअल पास की सुविधा बहाल करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया।

गंगापुर सिटी, 10 अगस्त 2026। सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए रेलवे बोर्ड ने बड़ी राहत दी है। अब पात्र सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी, पारिवारिक पेंशनर तथा कार्यरत दिव्यांग कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार HRMS अथवा मैनुअल व्यवस्था के माध्यम से Pass/PTO प्राप्त कर सकेंगे।

रेलवे बोर्ड ने यह निर्णय उन पेंशनरों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लिया है, जिन्हें डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से पास प्राप्त करने में परेशानी हो रही थी। कई पेंशनरों ने डिजिटल रूप से दक्ष नहीं होने, इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या तथा कुछ रेलवे इकाइयों में ई-पास व्यवस्था पूरी तरह तैयार नहीं होने की शिकायत की थी।

ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने उठाया था मुद्दा

ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) की सहायक महामंत्री मुकेश गालव ने बताया कि पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को पास/PTO प्राप्त करने में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रमुखता से रखा गया था।

उन्होंने बताया कि अनेक वरिष्ठ पेंशनर डिजिटल प्रक्रिया के अभ्यस्त नहीं हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या भी बनी रहती है। कुछ रेलवे इकाइयां HRMS के माध्यम से ई-पास जारी करने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं होने के कारण भी पेंशनरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

फेडरेशन ने रेलवे बोर्ड से मांग की थी कि पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों को मैनुअल माध्यम से मानार्थ पास जारी करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।

HRMS या मैनुअल व्यवस्था से ले सकेंगे पास/PTO

फेडरेशन की मांग पर रेलवे बोर्ड ने मामले पर विचार करते हुए निर्णय लिया कि सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी, पारिवारिक पेंशनर एवं कार्यरत दिव्यांग कर्मचारी अपनी सुविधा और विकल्प के अनुसार HRMS अथवा मैनुअल व्यवस्था से Pass/PTO प्राप्त कर सकेंगे।

यह व्यवस्था फिलहाल लागू रहेगी और छह माह बाद इसकी पुनः समीक्षा की जाएगी।

इस निर्णय से उन लाभार्थियों को विशेष राहत मिलेगी, जिन्हें ऑनलाइन प्रक्रिया में तकनीकी या अन्य व्यावहारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

मैनुअल पास के लिए हेल्पडेस्क भी बनेगा

रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेलवे इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि जहां मैनुअल पास जारी किए जाते हैं, वहां हेल्पडेस्क या सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएं। इन केंद्रों पर पात्र लाभार्थियों को पास प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वरिष्ठ पेंशनरों और अन्य पात्र लाभार्थियों को केवल डिजिटल प्रक्रिया की वजह से पास/PTO प्राप्त करने में परेशानी न हो।

वरिष्ठ पेंशनरों के लिए विशेष राहत

रेलवे बोर्ड का यह निर्णय विशेष रूप से उन वरिष्ठ सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहतकारी माना जा रहा है, जिन्हें HRMS या ई-पास प्रक्रिया में कठिनाई हो रही थी।

रेलवे पेंशनरों से जुड़े प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई है कि HRMS के साथ मैनुअल विकल्प उपलब्ध रहने से पात्र लाभार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार पास/PTO प्राप्त करने में आसानी होगी। यह निर्णय पेंशनरों की सुविधा, सम्मान और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *