विशेष दुग्धाभिषेक, पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने अच्छी वर्षा, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
भीलवाड़ा। रामधाम में इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए विशेष शिव आराधना का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। श्री रामधाम रामायण मंडल ट्रस्ट के तत्वावधान में रामधाम स्थित शिवालय में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, दुग्धाभिषेक और भगवान शिव के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान भैरूलाल अजमेरा एवं उनकी धर्मपत्नी रेखा अजमेरा ने भगवान शिव का दूध, दही, घी, शहद, इत्र और पुष्पों से विधिवत अभिषेक कर आकर्षक श्रृंगार किया। पंडित रामू, गोविंद, कमलेश, प्रेम एवं पंडित शुक्ला के आचार्यत्व में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने राम-रामेश्वर के दर्शन कर प्रदेश में समय पर अच्छी वर्षा, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन
ट्रस्ट के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश मानसिंहका एवं सचिव अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि 29 जुलाई को रामधाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। प्रातः 9:30 बजे संस्थापक ब्रह्मलीन तपोनिष्ठ स्वामी प्रत्यक्षानंद महाराज की प्रतिमा के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना, वंदना एवं गुरु पूजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
30 जुलाई से शुरू होगा चातुर्मास महोत्सव
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से रामधाम में भव्य चातुर्मास महोत्सव का शुभारंभ होगा। शंकर मठ (आबू पर्वत) के स्वामी हरि तीर्थ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 10 बजे तक श्रीमद्भगवद्गीता पर विशेष प्रवचन होंगे। साथ ही गीता के श्लोकों का भावार्थ और जीवनोपयोगी संदेश भी श्रद्धालुओं को प्रदान किया जाएगा।
धार्मिक गतिविधियों के साथ सेवा कार्य भी जारी
रामधाम में धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक एवं सेवा गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं। ललित हेड़ा के नेतृत्व में नियमित रामचरितमानस पाठ तथा कन्हैयालाल मुंदड़ा के सानिध्य में श्रीमद्भगवद्गीता के शुद्ध उच्चारण का सामूहिक पाठ कराया जा रहा है।
इसके अलावा पक्षी सेवा, गौ सेवा, संत सेवा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं को तुलसी के पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ समाज में सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करना है।
श्रद्धालुओं ने की अधिकाधिक सहभागिता की अपील
आयोजन की व्यवस्थाओं में हेमंत मानसिंहका, दीपक मानसिंहका सहित ट्रस्ट के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक आयोजन की सराहना करते हुए आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं चातुर्मास के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का संकल्प व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।