संगम उद्योग समूह का हरियाली अभियान संपन्न, 86 हजार पौधों से संवरेगा भीलवाड़ा


86 हजार पौधों और 4650 ट्री गार्ड के वितरण के साथ अभियान का समापन, विधायक अशोक कोठारी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान।

भीलवाड़ा। संगम उद्योग समूह द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाया गया हरियाली अभियान शुक्रवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। अभियान के दौरान 86 हजार पौधों एवं 4650 ट्री गार्ड का वितरण कर भीलवाड़ा को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अभियान के माध्यम से आमजन, शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों तक हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अशोक कोठारी ने संगम उद्योग समूह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “पेड़ हमारे प्राण हैं और पौधारोपण राष्ट्र सेवा के समान है।” उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

86 हजार पौधों का हुआ वितरण

पौधा वितरण प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि अभियान के दौरान आमजन के साथ-साथ स्कूल, कॉलेज, सार्वजनिक संस्थानों एवं धार्मिक स्थलों को कुल 86 हजार पौधे तथा 4650 ट्री गार्ड वितरित किए गए। अभियान को शहरवासियों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का भरपूर सहयोग मिला।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे वितरित करना नहीं, बल्कि नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना विकसित करना भी रहा।

ट्री गार्ड वितरण रहेगा जारी

ट्री गार्ड वितरण प्रभारी हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा ने बताया कि जिन लोगों ने पूर्व में ट्री गार्ड के लिए आवेदन किया है, उन्हें टेलीफोन के माध्यम से सूचना देकर आगामी दिनों में भी ट्री गार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा और उनके बेहतर विकास के लिए ट्री गार्ड की व्यवस्था अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।

सभी सहयोगियों का जताया आभार

अभियान के सफल संचालन में विद्यासागर सुराणा, गुमानसिंह पीपाड़ा, मुकेश अजमेरा, जमनालाल जोशी, दाताराम वर्मा एवं सत्यनारायण काबरा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।

संगम समूह के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शहरवासियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा ने जिस उत्साह के साथ इस हरियाली अभियान में भागीदारी निभाई है, वह पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी है।

पौधों की देखभाल पर दिया विशेष जोर

संगम समूह के वाइस चेयरमैन एस.एन. मोदानी एवं प्रबंध निदेशक अनुराग सोनी ने नागरिकों से वितरित पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना पहला कदम है, जबकि उसकी सुरक्षा और उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना हमारी वास्तविक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से यह अभियान प्रतीकात्मक पौधारोपण तक सीमित न रहकर भीलवाड़ा को स्थायी हरियाली प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *