भीलवाड़ा में शंभू सेना का सेवा अभियान, 529 यूनिट रक्तदान से 529 बच्चों की शिक्षा का संकल्प


समाजसेवी शंभू वैष्णव के जन्मदिवस पर विशाल रक्तदान शिविर, गोसेवा, छात्र सहायता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

भीलवाड़ा। समाजसेवी शंभू वैष्णव के जन्मदिवस के अवसर पर शंभू सेना के तत्वावधान में आयोजित “जन्मदिवस युवा शक्ति के नाम सेवा अभियान” ने मानव सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण का प्रेरणादायी संदेश दिया। पूरे आयोजन का संचालन शंभू सेना के कार्यकर्ताओं ने किया, जिसमें हजारों युवाओं एवं समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे लव गार्डन स्थित विजयवर्गीय भवन से निकाली गई विशाल वाहन रैली के साथ हुई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सीताराम गोशाला पहुंची, जहां शंभू सेना के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गोसेवा कर गौ संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ता मुस्कान फाउंडेशन के भविष्य स्कूल पहुंचे, जहां जरूरतमंद बच्चों को फल एवं मिठाई वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

शहरभर में हुआ भव्य स्वागत

वाहन रैली का शहर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा और स्वागत के साथ अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में शामिल युवाओं ने अनुशासन, संगठन और सेवा भावना का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान शंभू सेना के कार्यकर्ताओं ने सभी व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।

529 यूनिट रक्तदान बना आकर्षण का केंद्र

रैली के पुनः विजयवर्गीय भवन पहुंचने पर शंभू सेना द्वारा विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ शहर विधायक अशोक कोठारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में युवाओं एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 529 यूनिट रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।

529 बच्चों की शिक्षा का लिया संकल्प

इस सेवा अभियान की सबसे महत्वपूर्ण पहल रक्तदान को शिक्षा से जोड़ना रही। शंभू सेना ने घोषणा की कि शिविर में प्राप्त 529 यूनिट रक्तदान के अनुरूप 529 जरूरतमंद बच्चों को एक वर्ष तक कॉपी, किताबें, स्कूल बैग, पेन, पेंसिल एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

शंभू सेना के संस्थापक शंभू वैष्णव ने कहा कि रक्तदान केवल किसी का जीवन बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि यदि इसे शिक्षा जैसे सामाजिक अभियान से जोड़ा जाए तो यह किसी बच्चे का भविष्य भी संवार सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सेवा को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों ने की सराहना

कार्यक्रम में विधायक अशोक कोठारी, महंत हेमराज पोसवाल, महंत मोहननाथ जी महाराज, विभिन्न संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी अतिथियों ने शंभू सेना के इस सेवा अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया तथा शंभू वैष्णव को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

शंभू सेना के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान ने यह संदेश दिया कि संगठित युवा शक्ति यदि सेवा और समाजहित के कार्यों में आगे आए तो रक्तदान, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाने की इस पहल की शहरभर में व्यापक सराहना हो रही है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *