सामाजिक कार्यकर्ता रामावतार मीना को मिलेगा ‘कर्म श्री अवार्ड’, जयपुर में होगा सम्मान


रामावतार मीना ‘कर्म श्री अवार्ड’ से होंगे सम्मानित, 13 मई को जयपुर में आयोजित होगा भव्य समारोह

20 वर्षों की निस्वार्थ समाज सेवा और 51 चुनिंदा प्रतिभाओं में सवाई माधोपुर के इकलौते चयन पर खुशी की लहर

बौंली, बामनवास। श्रद्धा ओम त्रिवेदी। उपखंड के गाँव खिरखड़ी निवासी प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता रामावतार मीना को अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच एवं इंडो-नेपाल समरसता संगठन द्वारा ‘कर्म श्री अवार्ड’ से नवाजा जाएगा। आगामी 13 मई को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में जयपुर के रोटरी क्लब सभागार में यह सम्मान समारोह आयोजित होगा।

दिग्गजों की मौजूदगी में होगा सम्मान यह पुरस्कार न्यायमूर्ति जीके राका (राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट-हाई कोर्ट जज संगठन), पूर्व कैबिनेट मंत्री जितेंद्र सिंह, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, और राज्य मंत्री राजेंद्र कुमार नायक व प्रहलाद राय टांक के मुख्य आतिथ्य में प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता चांसलर हुकम चंद गणेशीया करेंगे।

15 वर्षों के सेवा डेटा की जांच के बाद चयन स्क्रीनिंग कमेटी ने मीना के पिछले 15-20 वर्षों के सामाजिक कार्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद उन्हें राजस्थान की 51 प्रतिभाओं में शामिल किया है। वे सवाई माधोपुर जिले से चयनित होने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं।

इन क्षेत्रों में रहा विशेष योगदान रामावतार मीना पिछले दो दशकों से वृक्षारोपण, रक्तदान, गौसेवा, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति और दहेज प्रथा के खिलाफ अलख जगा रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने मृत्यु भोज निवारण, विधवा कल्याण और ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी विवादों को समझाइश से सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कर्म को ही माना प्रधान सम्मान की घोषणा पर हर्ष व्यक्त करते हुए मीना ने गीता के श्लोक “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” का उच्चारण करते हुए कहा कि वे कर्म को ही प्रधान मानते हैं। निस्वार्थ भाव से किए गए कार्यों का फल अवार्ड के रूप में स्वतः ही मिल जाता है।

यह भी पढ़ें:

 


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now