हरनी महादेव में गूंजा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: श्रद्धा, संस्कृति और जनकल्याणकारी योजनाओं का बना अनूठा संगम


सोमनाथ विरासत के 75 साल पर विशेष आयोजन, सांसद दामोदर अग्रवाल ने बताया इसे भारतीय स्वाभिमान का प्रतीक

भीलवाड़ा। मूलचन्द पेसवानी। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा के सुप्रसिद्ध श्री हरनी महादेव मंदिर में सोमवार को “सोमनाथ विरासत के 75 साल” के उपलक्ष्य में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री हरनी महादेव मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह संस्कृति और जनजागरूकता का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा। मंदिर परिसर पूरे दिन “हर-हर महादेव” के जयकारों और शिव भजनों से गुंजायमान रहा।

धार्मिक अनुष्ठानों से महका मंदिर परिसर

स्वाभिमान पर्व के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर में विशेष रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया, जहाँ श्रद्धालुओं ने देश और समाज की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस दौरान सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास और उसकी पुनर्स्थापना की गाथाओं का वाचन भी किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

धर्म के साथ जनजागरूकता का मेल

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यहाँ आए श्रद्धालुओं को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मंदिर प्रशासन और आयोजकों ने धार्मिक मंच का उपयोग सामाजिक सरोकार के लिए किया। कार्यक्रम के माध्यम से कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के बारे में सरल भाषा में बताया गया।

आयोजकों का कहना था कि सरकार की मंशा समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुँचाने की है। जब धार्मिक आयोजनों में ऐसी जानकारी दी जाती है, तो आमजन तक संदेश अधिक प्रभावी और तेजी से पहुँचता है। उपस्थित नागरिकों ने सरकार की इस विकासोन्मुख सोच और सामाजिक एकता के प्रयासों की जमकर सराहना की।

सांसद और गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद दामोदर अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर भारतीय स्वाभिमान और पुनरुत्थान का प्रतीक है। हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराएं ही समाज को मजबूती से जोड़ने का आधार हैं।

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अरुण जैन, जिला रसद अधिकारी अमरेंद्र मिश्रा, पूर्व यूआईटी चेयरमैन लक्ष्मीनारायण डाड, राजेंद्र कचोलिया, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी जग जितेंद्र सिंह ने भी शिरकत की। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नंदकिशोर दरक, सचिव ओमप्रकाश दरक और ट्रस्टी सुभाष बाहेती ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now