अखिल भारतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए शाहपुरा के दो छात्र-छात्राओं का चयन


शाहपुरा|आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा के लिए यह गर्व का क्षण है कि विद्यालय के दो होनहार छात्र-छात्राओं का चयन अखिल भारतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता हेतु हुआ है। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गालाल ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र रोहित धाकड़ का चयन 1500 मीटर, 3000 मीटर व क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता के लिए हुआ है, वहीं छात्रा नम्रता कंवर का चयन ऊँची कूद (हाई जंप) इवेंट के लिए किया गया है।

प्रधानाचार्य ने बताया कि इन दोनों खिलाड़ियों ने विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

विद्यालय के खेल प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि दोनों खिलाड़ी आगामी अखिल भारतीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता, जो कि 31 अक्टूबर से 4 नवम्बर तक हासन (कर्नाटक) में आयोजित होगी, में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय और शाहपुरा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

प्रधानाचार्य दुर्गालाल, खेल प्रभारी अशोक कुमार, समस्त शिक्षकवृंद एवं विद्यार्थियों ने दोनों प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now