मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान के तहत डीग जिले में लगे 8 लाख 7 हजार 704 पौधे
डीग| प्रभारी मंत्री भरतपुर व डीग एवं जल संसाधन एवं जल संसाधन (आयोजना) विभाग मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने की दृष्टि से बजट 2025-26 में मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान से हर परिवार को जोड़ते हुए राज्य में 10 करोड पौधे लगाने एवं पालने का लक्ष्य रखा गया है। इस क्रम को सतत रखने के लिए मिशन हरियालो राजस्थान की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महा अभियान के तहत डीग जिले में 8 लाख 7 हजार 704 पौधे लगाए गए। वही लव कुश वाटिका में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 500 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि वन विभाग सहित जिला प्रशासन द्वारा आज लगाए गए पौधों की निगरानी रखी जाए ताकि आगे आने वाले सालों में सभी आमजन को शुद्ध वातावरण मिल सके। उन्होंने डीग में आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान: जनभागीदारी से जल संस्कृति की पुनर्स्थापना के बारे में उल्लेख करते हुए बताया कि 5 जून से 20 जून तक चलाया गया ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जन-संवेदनशील पहल का जीवंत उदाहरण है। अभियान के दौरान राज्यभर में जल स्रोतों की साफ-सफाई, पूजन, जलाभिषेक और श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मुख्यमंत्री स्वयं भी भागीदार बने। इस अभियान के तहत 3 लाख 70 हजार से अधिक कार्यक्रमों में 2.53 करोड़ लोगों ने भाग लिया। लगभग 42 हजार जलस्रोतों की सफाई और मरम्मत की गई तथा हजारों नए जल संरक्षण कार्य प्रारंभ किए गए। अभियान में जल को लेकर जन चेतना को एक सामाजिक आंदोलन का रूप मिला। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि, ईआरसीपी सहित अन्य लोककल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचा है। हरियाली, जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास अब राजस्थान की शासन प्राथमिकताओं में शीर्ष पर हैं।
इस दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश रावत की अध्यक्षता में मिशन हरियालो राजस्थान (वन महोत्सव कार्यक्रम) के अन्तर्गत लव-कुश वाटिका, मांढेरा डीग में जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीग-कुम्हेर विधायक डीग-कुम्हेर डॉ शैलेश सिंह, प्रभारी सचिव डीग वी सरवन कुमार, जिला कलेक्टर उत्सव कौशल, जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद रहे। डीग-कुम्हेर डॉ शैलेश सिंह ने हरियालो राजस्थान कार्यक्रम के अवसर पर लव कुश वाटिका में वन विभाग व जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए 500 पौधे पर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि मांढेरा स्थित लव कुश वाटिका में पूरी साफ सफाई सुनिश्चित की गई है। उन्होंने जल संसाधन मंत्री रावत का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा की रावत के निर्देशन में गुडगांव कैनाल को होम्स कैनाल से जुड़वाया गया जिसके कारण अब किसानों को जल भराव की समस्या से निजात मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया की डीग में लगने वाले ट्रैफिक जाम को रोकने के लिए 100 करोड़ का डीग बाईपास स्वीकृत कराया गया। साथ ही 68 करोड़ की लागत से कुम्हेर बायपास स्वीकृत हुआ। उन्होंने पूंछरी में किया जा रहे कार्यों के बारे में बताते हुए कहा की प्रथम फेज में ही 300 करोड़ से अधिक रुपए की लागत से काम किया जा रहा है। उन्होंने काशी कॉरिडोर एवं महाकाल कॉरिडोर के तर्ज पर पूंछरी में कार्य करवाए जाने की बात कही। उन्होंने बताया कि कुम्हेर में पॉलिटेक्निक, डीग में 125 करोड़ की लागत से मिनी सेक्रेटेरिएट, जिला चिकित्सालय, जल भराव की समस्या को समाप्त करने के लिए सवाई खेड़ा डिप्रेशन एवं प्रत्येक साल लगाए जा रहे लाखों पौधे से जिले में पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया गया है। कार्यक्रम के अंत में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने सभी पधारे हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और जिले वासियों को अधिकाधिक वृक्षारोपण करने के लिए प्रेरित किया।
